उत्तर प्रदेश के एटा जिले में संदिग्ध हालात में 9 दिन से लापता 30 साल के एक शख्स और उसकी 24 साल की भाभी की लाश मिली है। गुरुवार को हजारा नहर में स्थानीय लोगों ने लाशों को देखा। पुलिस के मुताबिक ये दोनों शव मिर्ची थाना क्षेत्र में नहर में एक-दूसरे से बंधे हुए हालत में मिले।
पुलिस ने बताया कि मृतक कासगंज के मनौता गांव के रहने वाले कृष्ण कांत और उनकी भाभी प्रियंका कुमारी हैं। घरवालों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह हत्या है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: DU के छात्र ने तेज रफ्तार में चलाई कार, 4 लोगों को कुचला, 2 लोगों की गई जान
मौत से पहले घरवालों को किया था फोन
पुलिस के मुताबिक दोनों 8 सितंबर को नदरई इलाके में हजारा नहर के पास से लापता हुए थे। लापता होने से पहले करीब सुबह तीन बजे कृष्ण कांत ने अपने भाई पंकज कुमार को फोन कर बताया था कि वे दोनों नहर के पास हैं और उसमें कूदने की सोच रहे हैं। इस बातचीत के बाद उनके फोन बंद हो गए थे।
नहर से क्या-क्या मिला?
पुलिस ने नहर किनारे तलाशी शुरू की और मौके से उनका पर्स, कपड़े, गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद किया था। पुलिस ने पीएसी की बाढ़ राहत इकाई के साथ मिलकर कई दिनों तक नावों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन उस समय दोनों का पता नहीं चल सका था।
यह भी पढ़ें: 15 साल का लड़का, 62 घंटे समुद्र में फंसा रहा, नाव पलटने से उसके दो भाइयों की मौत
कैसे मिले शव?
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने मिरहची इलाके में नहर में दो शव उतराते देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद शवों को बाहर निकाला गया और घरवालों ने उनकी पहचान की।
कहां का है मामला?
मिरहची थानाध्यक्ष विदेश राठी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह मामला कासगंज जिले से जुड़ा है। वहां पहले ही प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। मिरहची पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी की हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित पुलिस थाने को भेजी जाएगी और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।