उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी धीरज बिष्ट का नाम भी शामिल है। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर मुखानी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच, होटल के निरीक्षण और CCTV फुटेज में घटना से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके साथ ही दूसरी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
बहला-फुसलाकर होटल ले जाने का आरोप
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग लड़की के परिवार ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चार युवक लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे दबाव बनाकर मुखानी इलाके के एक होटल में ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: 'हिंदुओं को मुसलमानों से सीखना चाहिए', क्या नसीहत दे रहे हैं रघुराज प्रताप सिंह?
आरोप है कि होटल में चारों युवकों ने लड़की को डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धीरज बिष्ट समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी के रूप में हुई है। SSP मंजूनाथ टीसी के अनुसार, शिकायत मिलते ही पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की और चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। SSP ने बताया कि होटल की जांच और CCTV फुटेज से मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि इनसे शिकायत में लगाए गए आरोपों को समर्थन मिला है। पूछताछ के दौरान भी मामले से जुड़े कुछ तथ्यों की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल बताए गए होटल का निरीक्षण किया। वहां से जरूरी सबूत जुटाए गए। इसके साथ ही होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी गई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। दूसरी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं भी जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ABVP ने भी की सख्त कार्रवाई की मांग
मामला सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी इस घटना की निंदा की है। ABVP उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने बयान जारी कर कहा कि संगठन पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन ने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग भी की है।