उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के मोहद्दीपुर इलाके में प्रीतम कुमार निषाद नाम के एक शख्स ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर एक परिवार से धोखाधड़ी की। उसने शादी का झांसा देकर न केवल लाखों रुपये ऐंठे, बल्कि विदाई के बाद नई नवेली दुल्हन को गोवा ले जाकर बेचने की एक खौफनाक साजिश भी रच डाली थी।
इटावा निवासी प्रीतम कुमार निषाद ने शादी के लिए लड़की के परिवार से संपर्क किया और खुद को बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बताया। उसने परिवार का भरोसा जीतने के लिए न्यूज चैनलों के फर्जी इंटरव्यू क्लिप्स, बड़े राजनेताओं के साथ अपनी तस्वीरें और दफ्तर के बनावटी वीडियो दिखाए। इन फर्जी सबूतों के आधार पर परिवार ने बिना किसी शक के अपनी बेटी का रिश्ता प्रीतम के साथ पक्का कर दिया।
यह भी पढ़ें: बीच में छोड़ दिया हैंडपंप और बना दी सड़क, इंजीनियरों का कारनाम देख सब हैरान
15 लाख की वसूली और आलीशान आयोजन
शुरुआत में प्रीतम ने बड़ी सादगी का ढ़ोंग किया और कहा कि उसे कोई दहेज नहीं चाहिए लेकिन जैसे ही रिश्ता पक्का हुआ, उसने धीरे-धीरे 'शादी के खर्च' के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। सगाई के दिन उसने 10 लाख रुपये नकद लिए और तिलक के समय 5 लाख रुपये ले लिए थे। कुल मिलाकर शादी के भव्य आयोजन और उपहारों को मिलाकर पीड़ित के करीब 30 से 24 लाख रुपये खर्च हो गए। 11 मार्च को गोरखपुर के एक बड़े मैरिज लॉन में बेहद धूमधाम से यह शादी की गई।
यह भी पढ़ें: 'गैस नहीं मिल रही, दही चूड़ा खाओ', मजदूरों को सुपरवाइजर की सलाह, वीडियो वायरल
शादी के बाद हुआ खुलासा
शादी के बाद दुल्हन जब इटावा पहुंची, तो वहां आरोपी आईएएस के बंगले के बजाय एक छोटे से किराए के कमरे में रह रहा था। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने लड़की के परिजन को सूचित किया कि प्रीतम कोई अधिकारी नहीं बल्कि जालसाज है। जांच में पता चला कि वहां न तो कोई सरकारी सुरक्षा थी और न ही कोई सुख-सुविधा।
पीड़िता के अनुसार, प्रीतम उसे जबरन गोवा ले जाने की कोशिश कर रहा था, जहां उसे किसी गिरोह को बेचने की साजिश थी। परिजन के इटावा पहुंचने से पहले ही आरोपी और उसकी बहन वहां से फरार हो गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी दो बार फर्जी पहचान बताकर शादियां कर चुका है। फिलहाल कैंट थाना पुलिस मामला दर्ज करके गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है।