logo

ट्रेंडिंग:

तेज रफ्तार कार से फेंक दिया, 12 टांके आए; फरीदाबाद रेप केस में क्या खुलासे हुए?

हरियाणा के फरीदाबाद में दो लोगों नें एक शादीशुदा औरत के साथ चलती गाड़ी में रेप किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Representative Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- ANI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

हरियाणा के फरीदाबाद से सामने आया यह मामला इंसानियत को झकझोर देने वाला है, जिसने महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ कथित तौर पर चलती कार में दुष्कर्म किया गया और वारदात के बाद आरोपियों ने उसे तेज रफ्तार गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया। इस हैवानियत भरी घटना में महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को 90 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से दौड़ती कार से बाहर फेंका गया, जिसके चलते उसे 12 से ज्यादा टांके लगाने पड़े हैं और वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।

 

लिफ्ट देने के बहाने महिला को कार में बैठाया गया और फिर पूरी रात उसे इधर-उधर घुमाते हुए उसके साथ दुष्कर्म जैसे अपराध को अंजाम दिया गया। तड़के सुबह राजा चौक के पास उसे सड़क पर फेंक दिया गया, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी है, बल्कि यह भी दिखाया है कि महिलाओं के लिए रात के समय सफर कितना असुरक्षित होता जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है, जबकि पीड़िता जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

 

यह भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस का 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी सिखाएंगे सियासी गुर

लिफ्ट के बहाने दिया वारदात को अंजाम

महिला की बहन के जरिए दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता पति से विवाद के चलते कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। सोमवार शाम वह सेक्टर-23 में अपनी एक दोस्त के घर गई थी। देर रात घर लौटते समय आरोपियों ने उसे लिफ्ट देने की पेशकश की।

 

यह भी पढ़ें- 'अरुण भारती लापता', जमुई में चिराग पासवान के बहनोई के पोस्टर क्यों लगे?

 

पुलिस का कहना है कि आरोपी उसे घर छोड़ने के बजाय गुरुग्राम की तरफ ले गए और चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह महिला ने अपनी बहन को फोन कर मदद मांगी। बहन मौके पर पहुंची और उसे तुरंत बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर गई। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर करने की सलाह दी लेकिन परिवार ने उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता की बहन ने बताया कि गाड़ी से फेंके जाने की वजह से उसकी बहन को गंभीर चोटें आई हैं।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल फरीदाबाद में रह रहे थे। वे महिला को पहले से नहीं जानते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल की गई वैन भी जब्त कर ली गई है।

 

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल यादव ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। अभी पहचान परेड होनी बाकी है, इसलिए आरोपियों के नाम और तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जबकि पीड़िता की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap