उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बेहद दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक पिता ने चिकन पकाने की बात पर हुए विवाद में अपनी ही 6 साल की मासूम बच्ची को पीट-पीट कर मार डाला। यह घटना करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के हटही गांव की है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला पत्नी के साथ विवाद के बाद शुरू हुआ। पत्नी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गई। गांव वाले बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: हिरासत में लेकर बच्चों को पीटा, पुणे के 18 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज
क्या है पूरा मामला?
हटही गांव का रहने वाला प्रमोद कुमार गौतम गुरुवार यानी 24 सितंबर की रात करीब 9 बजे शराब के नशे में बाजार से चिकन खरीदकर घर लौटा। उसने अपनी पत्नी लक्ष्मी से चिकन पकाने को कहा। इतनी देर रात खाना बनाने से पत्नी ने साफ मना कर दिया। आरोपी के माता-पिता ने भी उसकी पत्नी का साथ दिया। इस बात पर आरोपी को गुस्सा आ गया और पत्नी के साथ मारपीट करने लगा।
घर में झगड़े की आवाज सुनकर मां-बाप बहू को बचाने के लिए दौड़े लेकिन प्रमोद ने उन पर भी हमला किया। अपनी जान बचाने के लिए लक्ष्मी कमरे में छिप गई। साथ ही आरोपी की मां गांव वालों से मदद मांगने के लिए बाहर भागी।
मासूम बच्चों पर निकाला गुस्सा
जब पत्नी कमरे में जाकर छिप गई तो आरोपी ने अपना सारा गुस्सा अपने ही तीन बच्चों पर निकाला। उसने अपनी 6 साल की बेटी महक और दोनों छोटे बेटों कैरफ और करन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी ने बेटी महक को इतनी जोर से डंडा मारा कि वह वही बेहोश होकर गिर गई।
गांव वालों की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने तुरंत बच्ची को करनैलगंज के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेटी को मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए ASP नितेश सिंह ने मौके पर पहुंचे और मामले में पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: पप्पू यादव समेत 10 के खिलाफ FIR, मारपीट का आरोप; जानिए क्या है पूरा विवाद?
पुलिस ने किया गिरफ्तार
करनैलगंज पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उससे इस मामले में पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल गांव में इस घटना के बाद से मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।