संजय सिंह, पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार एक बार फिर मुसीबत में फंस गए हैं। मामला 2 मई का है, जब गोपालगंज के मीरगंज में एक उपनयन (जनेऊ) कार्यक्रम हुआ था। इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तुरंत अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में सिंगर गुंजन सिंह भी मौजूद थे।
वीडियो में दिखा कि अनंत सिंह के कुछ समर्थक खुलेआम हथियार लहरा रहे हैं। वहीं, स्टेज पर डांसर के डांस के दौरान उस पर पैसे भी उड़ते नजर आए। जो एक सामाजिक आयोजन से ज्यादा शक्ति प्रदर्शन जैसा प्रतीत हुआ।
यह भी पढ़ें: सुपौल में रजिस्ट्रार के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 5 जगहों पर एक साथ रेड
इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अनंत सिंह, गायक गुंजन सिंह और कार्यक्रम के आयोजक समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। इन पर आर्म्स एक्ट (हथियार कानून), अश्लीलता फैलाने और शांति भंग करने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब इन लोगों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है।
मामले पर गरमाई राजनीति
इस घटना ने अब सियासी मोड़ भी ले लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता रोहिणी आचार्या ने बिहार सरकार को घेरते हुए पूछा है कि क्या कानून-व्यवस्था और महिलाओं का सम्मान सिर्फ कागजों और नारों तक सीमित है? विपक्षी दलों के हमलों ने सत्ता पक्ष को इस मामले पर जवाब देने के लिए मजबूर कर दिया है।
यह भी पढ़ें: '...बाल कटाना है तो बाल कटाएंगे', अखिलेश बोले- सबकुछ पंडित जी पूछ के करेंगे
अनंत सिंह का विवादों से पुराना नाता
अनंत सिंह का राजनीतिक सफर जितना चर्चा में रहा है, उतने ही उनके साथ विवाद जुड़े रहे हैं। उनके जेल आने-जाने का सिलसिला काफी पुराना है:
- मार्च 2026: दुलारचंद यादव केस में रिहाई (अक्टूबर 2025 में गिरफ्तारी हुई थी।)
- जनवरी 2025: एक गोलीबारी मामले में सरेंडर के बाद जेल गए।
- अगस्त 2024: आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में बरी हुए।
- 2019: घर से एके-47 और ग्रेनेड मिलने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई।
- 2015: अपहरण और हत्या के मामले में जेल की हवा खानी पड़ी।