उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खैरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। वहीं, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना खैरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी शनिवार शाम करीब सात बजे घर से शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। परिजन अनहोनी की आशंका में परेशान रहे। रविवार सुबह करीब नौ बजे गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ पहुंचे तो उन्हें एक सब्जी के खेत से किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो किशोरी गंभीर हालत में पड़ी हुई थी।
कपड़े अस्त-व्यस्त, चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान
किशोरी की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और चेहरे, गर्दन तथा सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। वह दर्द से कराह रही थी और ठीक से बोलने की स्थिति में भी नहीं थी। घटनास्थल के पास उसकी चप्पलें और पानी की दो खाली बोतलें भी पड़ी थीं। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो किशोरी की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार ने उसके साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर बेरहमी से पीटकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: चरित्र पर शक और घरेलू कलह का खूनी अंत, पत्नी को मारकर पति ने दी जान
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आगरा रेफर हुई किशोरी
घटना की सूचना मिलते ही खैरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी जयबिंद गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किशोरी को तत्काल सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शुरुआती दौर में किशोरी की हालत इतनी खराब थी कि वह घटना के बारे में कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और अपहरण समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में तीन आरोपियों के नाम आए सामने
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई बिंदुओं पर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस को तीन आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। विवेचना के दौरान किशोरी के साथ दुष्कर्म होने के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। अलग-अलग पुलिस टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। जांच में नगला सकटू निवासी दो सगे भाइयों जगत और ऋषि के नाम सामने आए।
जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस से मुठभेड़
रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी खैरगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में छिपे हुए हैं और वहां से भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस ने तलाशी अभियान भी चलाया।
जगत और ऋषि गिरफ्तार, दो तमंचे और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगला सकटू निवासी जगत और ऋषि के रूप में की है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: बदायूं: हथकड़ी की रस्सी काट थाने से भागा चोर, बाहर खड़ा रहा सिपाही
तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
इस मामले में तीन आरोपियों के नाम सामने आए थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में अभी दो सगे भाई ही गिरफ्तार हो सके हैं। तीसरा आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। किशोरी के साथ हुई इस गंभीर वारदात को लेकर पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही पीड़िता के उपचार और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।