दिल्ली के लोगों के लिए अब ट्रैवल करना आसान होने वाला है क्योंकि जल्द ही दिल्ली मेट्रो के दो नए मेट्रो कॉरिडोर शुरू होंगे। इसके साथ ही तीन नई मेट्रो लाइन बनने वाली हैं जिनकी आधारशिला जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखने वाले हैं। जो दो नए प्रोजेक्ट्स शुरू हो रहे हैं उनके चलते दिल्ली में देश की पहली रिंग मेट्रो बन जाएगी यानी आप एक बार मेट्रो में बैठें तो पूरी दिल्ली घूमकर फिर वहीं आ सकते हैं। इसके लिए आपको ट्रेन बदलने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नई मेट्रो लाइन का शिलान्यास पीएम मोदी 8 मार्च को करने वाले हैं।
इन मेट्रो परियोजनाओं में सरकार लगभग 18,300 करोड़ रुपये खर्च करने वाली है। दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत होगा और सड़कों का ट्रैफिक जाम कम होगा क्योंकि ज्यादा से ज्यादा लोग मेट्रो में ट्रैवल कर पाएंगे। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के अनुसार, यह मेट्रो योजना न सिर्फ दिल्ली बल्कि एनसीआर के लोगों के लिए भी फायदेमंद होगी। अब सवाल उठता है कि कौन-कौन सी नई मेट्रो लाइन का उद्घाटन होगा और कौन-सी नई परियोजनाओं को पीएम मोदी हरी झंडी दिखाने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: कोई दिग्गज नेता या फिर डार्क हॉर्स? बिहार में CM के नाम पर माथापच्ची शुरू
देश की पहली रिंग मेट्रो का होगा उद्घाटन
दिल्ली में देश की पहली रिंग मेट्रो शुरू होने वाली है क्योंकि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर जाने वाले मेट्रो रूट का विस्तार होगा यानी इसमें नए मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। यह रूट पहले 12.3 किलोमीटर लंबा था, जो अब बढ़कर 71.56 किलोमीटर हो जाएगा। इस वजह से हमें देश की पहली रिंग मेट्रो मिल पाएगी। यह मेट्रो रूट रिंग की तरह गोल होगा। इस मेट्रो रूट में मजलिस पार्क, बुराड़ी, झरोड़ा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर जैसे मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे।
मैजेंटा लाइन में नए स्टेशन का उद्घाटन
दिल्ली का दूसरा बड़ा कॉरिडोर मैजेंटा लाइन है। मैजेंटा लाइन का भी विस्तार होगा। इस रूट में कुछ नए स्टेशन जोड़े जाएंगे। ये नए स्टेशन दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर विलेज, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क होंगे। पहले यही रूट 9.92 किलोमीटर का हुआ करता था, जो अब 49 किलोमीटर का हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: मादा की तलाश में सैकड़ों किलोमीटर चला आया नर बाघ, अब पकड़कर होगी जांच
तीन कॉरिडोर बनने की परियोजना
प्रधानमंत्री मोदी इस परियोजना में दिल्ली के तीन नए कॉरिडोर बनने के लक्ष्य को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। इस परियोजना में पहला सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर है, जो रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाला है। इस कॉरिडोर में 9 नए स्टेशन शामिल होंगे, जिनमें शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ जैसे स्टेशन होंगे। इस रूट की लंबाई 9.913 किलोमीटर हो जाएगी।
दूसरा कॉरिडोर गोल्डन लाइन एक्सटेंशन है, जिसमें एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा होगी। यह रूट 2.263 किलोमीटर लंबा होगा, जो एयरपोर्ट तक सीधा मेट्रो कनेक्शन बना पाएगा।
तीसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक होगा। इस रूट में कुछ नए स्टेशन शामिल किए जाएंगे। इसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज जैसे स्टेशन जोड़े जाएंगे। इस रूट की लंबाई 3.9 किलोमीटर तक होगी।