बिहार में आए दिन भ्रष्टाचार की कलई खुल रही है। भ्रष्टाचार इस कदर है कि राज्य में पुल (ब्रिज) के टूटने और जर्जर होने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा गिरने के कुछ दिन बाद ही अब गया जिले में एक और पुल गिरने की कगार पर पहुंच गया है। पुल की जर्जर हालत को देखते हुए इससे गुजरने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
हालात ऐसे ही रहे तो यह पुल कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक, गया में 64 करोड़ की लागत से बना केनी पुल गिरने की कगार पर है। पुल की जर्जर हालत की वीडियो सोशल मीडिया पर आई है, जिसमें पुल की लोहे की रॉड सीमेंट से बाहर निकली हुई है और पिलर टूटे हुए दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 40 डिग्री की तपन, मीलों का सफर, शंकरगढ़ में बूंद-बूंद पानी को तरसती जिंदगी
पुल में दिखीं गहरी दरारें
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कंक्रीट के स्लैप के बीच चौड़ी गहरी दरारें दिख रही हैं। इन दरारों में से जंग लगी लोहे की रॉड बाहर निकली हुई हैं। पुल के कुछ हिस्से खराब हालत में दिख रहे हैं और उनके कोने टूटे हुए हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुल के कंस्ट्रक्शन की खराब क्वालिटी की वजह से भ्रष्टाचार होने का मामला सामने आ रहा है।
गया को राजगीर-नवादा जोड़ता है पुल
फल्गु नदी पर बना यह मुख्य पुल गया को राजगीर और नवादा जिलों समेत पूरब के कई क्षेत्रों से जोड़ता है। मगर, लोग इस पुल की खराब हालत की वजह से इससे आने-डाने में डर रहे हैं। गया के बीजेपी विधायक प्रेम कुमार ने कहा है कि रोड निर्माण विभाग को जानकारी भेज दी गई है और पूरे राज्य में पुलों की जांच शुरू हो गई है।
सड़क निर्माण विभाग को जानकारी
विधायक प्रेम कुमार ने कहा, 'इस बारे में सड़क निर्माण विभाग को बता दिया गया है। विभाग ने जांच शुरू कर दी है और पूरे राज्य में सभी पुलों की जांच कर रहा है। पुलों की मौजूदा हालत और संरचनात्मक जीवनकाल का पता लगाया जा रहा है, जबकि अलग-अलग जिलों से शिकायतें भी मिल रही हैं।'
यह भी पढ़ें: ट्रेन में चोरी हुआ बैग, मेडिकल छात्र को 6 महीने तक मुंबई में मांगनी पड़ी भीख
पुल टूटने की कई घटनाएं
बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में, भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के दो पिलर के बीच का एक स्लैब गिर गया था। यह पुल भागलपुर को सीमांचल से जोड़ता है। 4 मई को यह हादसा तब हुआ जब पहले एक एक्सपेंशन जॉइंट धंस गया, जिसके एक दिन बाद एक स्लैब गंगा में गिर गया।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, नालंदा जिले के दरियापुर में सकरी नदी पर बने पुल के कई पिलर शुक्रवार को गिर गए। यह पुल करीब 10 साल पहले बना था और नालंदा जिले के पूर्वी हिस्से को शेखपुरा के पश्चिमी इलाके से जोड़ता है।