logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गाजियाबाद में एनकाउंटर में ढेर हुआ एक लाख का इनामी टिड्डी, 3 पुलिसकर्मी घायल

UP के जिला गाजियाबाद में एक लाख इनामी बदमाश धमेंद्र उर्फ टिड्डी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया जबकि उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

AI  generated photo

प्रतीकात्मक फोटो, Photo Credit : Chat GPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस और बावरिया गैंग के बदमाशों के बीच बुधवार शाम गंगनहर पटरी पर मुठभेड़ हो गई। निवाड़ी थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बदमाशों की फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। मुठभेड़ के दौरान टिड्डी के दो साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि बावरिया गैंग का बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी अपने साथियों के साथ निवाड़ी क्षेत्र से होकर मेरठ जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गंगनहर पटरी पर घेराबंदी कर दी। बुधवार शाम करीब छह बजे गाजियाबाद की ओर से एक बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दिए।पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाश कच्चे रास्ते की ओर पहुंच गए। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक फिसल गई और तीनों नीचे गिर पड़े।

पेड़ों की आड़ लेकर बदमाशों ने की फायरिंग

बाइक गिरने के बाद बदमाशों ने पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में हेड कांस्टेबल अमित कुमार, विनीत कुमार और हिमांशु मलिक घायल हो गए। वहीं, निरीक्षक अनिल कुमार और हेड कांस्टेबल वरुण वीर सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। जैकेट पर गोली लगने के बावजूद दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल जवानों और बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया।

 

यह भी पढ़ें: एटा एनकाउंटर: 56 लाख की लूट का मास्टरमाइंड ढेर, एक लाख का था इनाम

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

मुरादनगर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में घायल तीनों पुलिसकर्मियों को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल जवानों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

गाजियाबाद और बागपत में घोषित था एक लाख का इनाम

धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी बावरिया गैंग का कुख्यात बदमाश बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह गाजियाबाद के मसूरी थाना और बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के मामलों में वांछित था। उस पर गाजियाबाद में 50 हजार रुपये और बागपत में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल एक लाख रुपये का इनाम था।

 

यह भी पढ़ें: शादी दूसरी जगह तय हुई तो प्रेमी ने प्रेमिका को गला रेतकर मार डाला

फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों बदमाशों की तलाश में पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है, ताकि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।गंगनहर पटरी पर हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस का ध्यान अब फरार बदमाशों की गिरफ्तारी पर है। पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी की मौत के बाद उसके साथियों को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें