उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर में पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रहा 35 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर बाथरूम की टूटी जाली के रास्ते फरार हो गया। आरोपी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वह पैरों में गोली लगने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती था और चार पुलिसकर्मी उसकी निगरानी में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं, जबकि सुरक्षा में तैनात 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह सुधीर व्हीलचेयर से बाथरूम गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। करीब 15 मिनट बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो आरोपी गायब था। बाथरूम की जाली टूटी हुई थी। मौके पर उसकी व्हीलचेयर और गमछा पड़ा मिला।
एनकाउंटर में दोनों पैरों में लगी थी गोली
सुधीर पासी मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम एचएस-92ए के रूप में दर्ज है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ गाजीपुर और आसपास के जिलों में करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक एक अगस्त को गहमर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद सुधीर को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
यह भी पढ़ें: बदायूं: पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, घरवालों ने किया हंगामा
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया
एएसपी राकेश मिश्रा के अनुसार 20 अगस्त को सुधीर की तबीयत खराब हुई थी। हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अस्पताल में उसकी निगरानी के लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। दो पुलिसकर्मी दिन और दो रात में तैनात रहते थे।इसके बावजूद आरोपी के बाथरूम से फरार होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
4 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
हिस्ट्रीशीटर के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गईं। संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।एएसपी राकेश मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: BJP के साथियों ने दिल्ली में मीटिंग के बाद मांग ली 35 सीट, UP में बढ़ी टेंशन
चोरी के मामलों में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक सुधीर पासी के खिलाफ गाजीपुर समेत आसपास के जिलों में चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी से संबंधित सामान बरामद होने की बात भी पुलिस ने कही थी।फिलहाल पुलिस के सामने हिस्ट्रीशीटर को दोबारा गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस अभिरक्षा से उसके फरार होने की पूरी घटना की जांच की चुनौती है।