उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक घटना सामने आई है जहां ट्रांजिट कैंप इलाके में दो लोगों ने एक 25 साल की महिला को अपनी कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठाया और फिर चलती गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित के बयान के अनुसार यह घटना 25 जनवरी की सुबह की है जब वह रोज की तरह दफ्तर जा रही थी।
उसने बताया कि वह अपने घर से पंतनगर स्थित ऑफिस जाने के लिए पैदल निकली थी। रास्ते में कार सवार दो लोगों ने उसे रोका। ऑफिस छोड़ने के बहाने उसे अपनी कार में बिठा लिया।महिला उनकी बातों में आ गई और गाड़ी में बैठ गई लेकिन आरोपियों ने उसे दफ्तर छोड़ने के बजाय गाड़ी घुमाना शुरू कर दिया और चलती कार में वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: 17 साल के आरोपी ने दुष्कर्म के बाद 7 साल की बच्ची को नहर में फेंका, मौत
सुनसान जगह छोड़ा
वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित महिला को एक सुनसान जगह पर उतार दिया और मौके से फरार हो गए। हिम्मत जुटाकर महिला ने 26 जनवरी (सोमवार ) को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत नई न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 70(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने की कार्रवाई
स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। मंगलवार को पहले 34 साल के आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया। इसके बाद 36 साल के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें: 'जाने के बाद मिलेगा न्याय', साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल
फॉरेंसिक टीम ने गाड़ी की बारीकी से जांच की है और वहां से महिला के बाल व अन्य सबूत जुटाए हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ केस को मजबूत बनाया जा सके। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।