मध्य प्रदेश के भोपाल में एक अजब-गजब मामला सामने आया है, जहां एक लड़की ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी के लिए अपनी प्रोफाइल बनाई थी। लड़की के परिवार को राजस्थान का एक लड़का पसंद आया। दोनों परिवारों की मुलाकात भी हुई लेकिन उस दौरान लड़की के परिवार को लड़के का व्यवहार सही नहीं लगा। इस वजह से लड़की ने शादी के लिए लड़के को मना कर दिया। लड़के को यह बात रास नहीं आई, इसलिए उसने एआई (AI) की मदद से लड़की के साथ फर्जी फोटो तैयार करवाई। आरोपी ने लड़की के साथ हनीमून की फेक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। साथ ही एआई की मदद से गोदभराई का फर्जी इनविटेशन कार्ड भी बनवाया और उसे पीड़िता के पड़ोसियों में बांटकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की थी। इसके बाद लड़की के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह मामला भोपाल के अशोक गार्डन इलाके में रहने वाली एक लड़की का है। उसने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी के लिए अपनी प्रोफाइल बनाई थी, जहां उसने अपनी तस्वीरें शेयर की थीं। आरोपी ने उन्हीं तस्वीरों का इस्तेमाल कर गोदभराई का कार्ड, हनीमून फोटो तैयार कीं। जानकारी के अनुसार, आरोपी राजस्थान के उदयपुर का रहने वाला है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: 'जैन संतों की पिच्छी के लिए लाखों मोर मारे गए', मेनका गांधी पर क्यों भड़के लोग?
लड़के पर क्या हैं आरोप?
पीड़ित लड़की का आरोप है कि आरोपी ने एआई का इस्तेमाल कर उसके साथ हनीमून की फर्जी तस्वीरें बनाई और उन्हें फर्जी सोशल मीडिया आईडी से अपलोड कर दिया। इसके अलावा उसने लड़की के साथ एडिट की गई तस्वीरें व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाईं, ताकि पीड़िता और उसके परिवार की छवि खराब हो सके।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने फर्जी गोदभराई का इनविटेशन कार्ड बनवाया और उसे पूरी कॉलोनी में बंटवा दिया। इसके बाद आरोपी ने करीब 500 टैक्सियां बुक कर पीड़िता के घर के सामने भिजवा दीं, जिससे उसके परिवार को टैक्सी किराया भरना पड़ा।
यह भी पढ़ें: मुस्लिमों को दी जाए धार इमामबाड़ा की चाबी, मोहर्रम से पहले हाई कोर्ट का फैसला
भोपाल के एडीसीपी शैलेंद्र सिंह ने इस मामले को लेकर कहा कि अगर आरोपी इन आरोपों में दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर फोटो या वीडियो सच नहीं होती। एआई की मदद से फर्जी कंटेंट बनाकर किसी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सकता है।