उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें कार लोगों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कार को बरामद कर लिया है आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 18 सितंबर की है। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में कार नंबर UP16CB9473 का ड्राइवर तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरुआती इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें: केरल में टीचर समेत 4 गिरफ्तार, छात्रों तक नशा पहुंचाने का शक
लडपुरा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष के रूप में हुई है। वह गौतम बुद्ध नगर के कासना थाना क्षेत्र के लडपुरा गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम देवदत्त बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे में शामिल कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें: पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू हिरासत में, क्या है अंडा-टमाटर का मामला?
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में तेज रफ्तार कार लोगों को टक्कर मारकर आगे जाती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।