संजय सिंह, पटना। हाजीपुर के बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त तनाव और हिंसा में बदल गया, जब डीजे पर बज रहे राजनीतिक गाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कथौलिया बांध के पास हुई इस घटना में देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, राजेश पासवान के पुत्र पिंटू कुमार की बारात निकल रही थी। शादी का माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा हुआ था, लेकिन तभी डीजे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से जुड़े गाने बजने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने गाने को लेकर आपत्ति जताई, जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें: 'गले लगाया, चूमा...' महाराष्ट्र में TCS जैसा एक और कांड आया सामने, 1 गिरफ्तार
दोनों पक्षों के बीच शुरू हो गई कहा सुनी
बताया जा रहा है कि एक पक्ष को तेजस्वी यादव से जुड़े गाने आपत्तिजनक लगे, जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि हर बार चिराग पासवान के गाने पर जानबूझकर विवाद खड़ा किया जाता है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झड़प में बदल गई।
दूल्हे की मां बुधनी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरे पक्ष के लोगों ने न केवल मारपीट की, बल्कि उनके जेवर भी छीन लिए। उनका कहना है कि कुछ लोग यह नहीं चाहते कि उनके टोले से चिराग पासवान के समर्थन में गाने बजते हुए बारात निकले। वहीं, दूसरे पक्ष के नरेश पासवान का कहना है कि अन्य नेताओं के गाने पर कोई विरोध नहीं होता, लेकिन चिराग पासवान का नाम आते ही विवाद खड़ा कर दिया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे।
यह भी पढ़ें: पिता ने नींद की गोली दी, फिर रेत दिया जुड़वां बेटियों का गला; कानपुर में कांड
जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे
अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत बिदुपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों में सनी कुमार और सत्या कुमार को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया। इधर ग्रामीण स्तर पर भी दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश जारी है, ताकि इलाके में शांति बहाल की जा सके।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने बारात को अपनी निगरानी में सुरक्षित रास्ते से आगे बढ़ाया, ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने बताया कि डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में पथराव में बदल गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।