हरियाणा के रोहतक के अजायब गांव में तीन दिन पहले एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां एक मां प्रियंका ने अपने ही दो महीने के मासूम बेटे की जान ले ली। बताया जा रहा है कि प्रियंका पति मोहित से नाराज थी क्योंकि उसने सोने का लॉकेट नहीं बनवाया था। इसी गुस्से में आकर उसने पहले बच्चे को प्यार किया, माथा चूमा फिर पानी के ड्रम में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। पूलिस पूछताछ में प्रियंका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और शुक्रवार यानी आज अदालत में पेश किया जाएगा। बुधवार शाम दो माह के जैविक शिशु के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने उसकी मां प्रियंका से पूछताछ की लेकिन उस वक्त उसने कुछ भी नहीं बताया। गुरुवार की सुबह जब पुलिस की टीम दोबोरा गांव पहुंची और सख्ती से पूछताछ की, तो आखिरकार प्रियंका ने चुप्पी तोड़ी और सच उगल दिया।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांडः 3 आरोपी दोषी करार, थोड़ी देर में सजा का ऐलान
सोने के लॉकेट की मांग पर हुआ विवाद
12 दिन पहले महिला ने अपने पति मोहित से सोने का लॉकेट बनवाने की मांग की थी। मोहित ने कहा था कि फिलहाल उसके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह लॉकेट बनवा सके। इस बात को लेकर महिला नाराज चल रही थी। वारदात वाले दिन महिला ने पहले मासूम को प्यार किया और उसका माथा चूमा। इसके बाद उसने बच्चे को उसी पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। कुछ देर में बच्चे की सांसें थम गईं। घटना को अंजाम देने के बाद महिला ने खद को बचाने के लिए बेहोश होने का नाटक किया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पति मोहित के बयान भी दर्ज किए हैं।
नकाबपोश महिला की कहानी निकली झूठी
27 मई को प्रियंका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके दो माह के बेटे जैविक की हत्या कर दी गई है। शिकायत में उसने पुलिस को बताया था कि घटना वाले दिन सुबह पकि काम पर चला गया था और सास भी बाहर थीं। दोपहर करीब 2 बजे एक नकाबपोश महिला घर में घुसी और जैविक को उठा लिया। जब प्रियंका ने विरोध किया, तो महिला ने उसे धक्का दे दिया, जिससे सिर चारपाई से टकराने पर वह बेहोश हो गई। होश आने पर प्रियंका को बच्चा घर के अंदर पानी के ड्रम में मृत मिला। पुलिस ने उस वक्त अज्ञात महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को प्रियंका की कहानी में कई विरोधाभास मिले। बाद में सच्चाई सामने आई कि प्रियंका ने ही यह झूठी कहानी गढ़ी थी। नकाबपोश महिला का कोई अस्तित्व नहीं था, और पूरा मामला खुद प्रियंका द्वारा रचा गया था। बता दें कि करीब 11 महीने पहले उसकी शादी अजायब निवासी मोहित से हुई थी।
यह भी पढ़ें: बारिश में भी चलेगी लू! भीषण गर्मी को लेकर वैज्ञानिकों की चेतावनी
पति से नाराज थी मां, दो माह के बेटे की हत्या का खुलासा
दरअसल, शुरू से ही ग्रामीणों को मां की कहानी पर संदेह था, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पूछताछ में मां प्रियंका खुद ही अपने बयानों में उलझने लगी और उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रियंका अपने पति से नाराज थी क्योंकि वह सोने का लॉकेट नहीं बनवा सका था। इसी नाराजगी में उसने अपने दो माह के बेटे जैविक को पानी के ड्रम में डुबोकर जान ले ली। मामले की पुष्टि करते हुए जांच अधिकारी एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि किसी भी तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए।