हरियाणा के युवा दो महीने से भी ज्यादा समय से पंचकूला में हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। युवाओं ने HPSC के सामने कई मांगे रखी हैं। युवाओं की मुख्य मांग भर्ती परीक्षाओं के परिणामों में 35 प्रतिशत नंबरों की शर्त हटाने की है। बोर्ड के नियमों के कारण कई पदों पर भर्ती ही नहीं हो पा रही है। इंग्लिश असिस्टेंट प्रोफेसर के 613 पदों के लिए हुई परीक्षा में केवल 151 अभ्यर्थी ही पास हुए। इस भ्रती के 462 पद खाली रह गए। युवाओं का कहना है कि आयोग की शर्तों के कारण यह हो रहा है।
HPSC ने इंग्लिश सब्जेक्ट के 613 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आयोजित किए गए सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट का रिजल्ट 2 दिसंबर 2025 को जारी किया। इस रिजल्ट के अनुसार, 2143 उम्मीदवारों में से सिर्फ 151 उम्मीदवार ही पास हो सके। HPSC ने 35 प्रतिशत न्यूनतम नंबरों की शर्त रखी थी और यह शर्त सिर्फ 151 युवा ही पूरी कर पाए।
यह भी पढ़ें: नाबालिग लड़कों ने आधे मिनट में 27 बार मारे चाकू, फिर खुद ही वायरल कर दिया वीडियो
यह परीक्षाएं भी विवाद में
- असिस्टेंट प्रोफेसर (डिफेंस स्टडीज)- 23 पदों के लिए सिर्फ 5 उम्मीदवार पास हुए और खाली पदों की संख्या 18 है।
- असिस्टेंट प्रोफेसर (अर्थशास्त्र)- 42 पदों के लिए 24 उम्मीदवार ही पास किए गए यानी कुल 19 पद खाली रहेंगे।
- असिस्टेंट प्रोफेसर (फिजिकल एजुकेशन)- 126 पदों के लिए 89 उम्मीदवार ही कटऑफ मार्क्स हासिल कर पाए। 37 पद खाली।
- पीजीटी फिजिक्स- 410 पदों के लिए सिर्फ 100 उम्मीदवार ही पास हुए। 310 पद खाली रहने की संभावना।
- पीजीटी फिजिकल एजुकेशन- 226 पदों के लिए 47 पास 179 पद खाली।
- एग्रीकल्चर डेवल्पमेंट ऑफिसर - 605 पदों के लिए 50 उम्मीदवार ही पास हुए 555 पदों के लिए कोई दावेदार नहीं।
- पीजीटी कंप्यूटर साइंस- 1711 पदों के लिए सिर्फ 39 उम्मीदवार ही पास हुए 1672 पदों पर कोई उम्मीदवार नहीं।
क्या मांग कर रहे युवा?
- सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट में न्यूनतम 35 प्रतिशत की शर्त हटाई जाए।
- हर भर्ती के लिए खाली पदों से दोगुने अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाए।
- इसके अलावा डोमिसाइल के आधार पर कोटा निर्धारित किया जाए।
- 90 प्रतिशत पद हरियामा के मूल निवासियों के लिए आरक्षित करने का प्रावधान करें।
- 10 प्रतिशत कोटा पूरे देश के लिए हो और मेरिट के आधार पर चयन हो।
- मंजूर किए गए पदों के लिए तुरंत भर्ती शुरू की जाए।
- कई सालों से लाइब्रेरियन के स्थायी पदों पर भर्ती नहीं हुई। इसके लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जाए।
यह भी पढ़ें: लखनऊ यूनिवर्सिटी की लाल बारादरी में लगा ताला तो छात्रों ने बाहर ही पढ़ी नमाज
यूथ कांग्रेस ने भी किया प्रदर्शन
हरियाणा के युवा दिसंबर से ही भर्ती परीक्षाओं के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में अब इस मुद्दे पर युवाओं को कांग्रेस के युवा संगठन यूथ कांग्रेस का समर्थन भी मिल गया है। 17 फरवरी को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में पंचकूला में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस को कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा। कांग्रेस का कहना है कि ग्रुप ए और ग्रुप बी नौकरियों में हरियाणा की बजाय बाहरी राज्यों के युवाओं का सेलेक्शन किया जा रहा है। 35 प्रतिशत मिनिमम मार्क्स क्राइटेरिया लगाकर बड़ी संख्या में सीटें खाली छोड़ी जा रही हैं और रिजर्वेशन व्यवस्था पर प्रहार किया जा रहा है।
क्या बोले आयोग के अध्यक्ष?
हरियाणा लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष का कहना है कि हर एक परीक्षा के लिए मिनिमम मार्क्स का क्राइटेरिया बहुत पहले से है। असिस्टेंट प्रोफेसर की प्रारंभिक परीक्षा में 25 प्रतिशत नंबर लाने जरूरी हैं। सब्जेकट नॉलेज टेस्ट के लिए 35 प्रतिशत मार्क्स कम से कम स्कोर करना जरूरी है। आोयग अध्यक्ष का कहना है कि आयोग की परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी हैं और हर चरण की डिटेल्स अपलोड की गई हैं। उन्होंने साफ किया है कि जो भी पद खाली हो जाएंगे उनके लिए दोबारा से परीक्षाएं करवाई जाएंगी।