पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ को भारत के सबसे ज्यादा व्यवस्थित शहरों में शामिल किया जाता है। शहर की चौड़ी सड़कें, सफाई, पार्क और ट्रैफिक व्यवस्था आकर्षण का केंद्र है लेकिन मंगलवार को शुरु हुई भारी बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बड़े अधिकारियों, नेताओं और वकीलों से भरा यह शहर कुछ घंटे की बारिश में ही बेहाल हो गया। मंगलवार शाम को शहर के कई हिस्सों में बारिश के बाद जलभराव हो गया जिससे नगर निगम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
मंगलवार शाम करीब दो घंटे की तेज बारिश ने शहर के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया था और बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार शाम शहर के लोगों के फोन पर अलर्ट आया कि अगले कुछ घंटों में तेज बारिश होगी और इसके बाद पूरे शहर में जमकर बारिश हुई भी। कई जगहों पर तो कमर तक पानी भर गया। सोशल मीडिया पर शहर में जलभराव की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
यह भी पढ़ें: मंत्री ही नहीं विधायकों को भी मिलेगी सरकारी कार, तमिलनाडु के CM विजय का एलान
सेक्टर 22 की मार्केट में घुसा पानी
मूसलाधार बारिश का असर सेक्टर-22 की मार्केट में भी देखने को मिला। भारी बारिश के बाद सेक्टर 22 की मार्केट में इतना पानी भर गया कि यह दुकानों के अंदर तक पहुंच गया। खासकर सेक्टर 17 के सामने स्थित मोबाइल मार्केट में दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश और जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित रही और दुकान में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा। लोगों का कहना है कि बारिश तो हर साल होती है लेकिन पिछले 15 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि दुकानों के अंदर तक पानी आ गया है। लोगों ने प्रशासन पर बारिश के लिए तैयारी ना करने और पानी की निकासी की व्यवस्था ना करने के आरोप लगाए।
सड़कों पर लगा जाम
बारिश के दौरान हल्लोमाजरा चौक, एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट, हाउसिंग बोर्ड चौक, ट्रिब्यून चौक और ट्रांसपोर्ट चौक पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया। सेक्टर-17 से सेक्टर-22 को जोड़ने वाली सड़क पर भी आवाजाही लगभग ठप जैसी स्थिति में पहुंच गई। बापूधाम से सेंट कबीर स्कूल तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस को सिग्नल बंद कर मैनुअल तरीके से यातायात संभालना पड़ा।
जलभराव से लोग परेशान
चंडीगढ़ में हुई इस बारिश के दौरान लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। शहर की कई मुख्य सड़कों पर भी जलभराव देखने को मिला और ऑफिस की छुट्टी के समय शाम को बारिश बहुत ज्यादा तेज हो गई। ऑफिस से घर जा रहे लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। पानी की निकासी की व्यवस्था ना करने से लोगों ने नाराजगी जाहिर की। जाम में फंसी एक महिला ने खबरगांव को बताया कि उन्होंने बारिश के बीच ही सेक्टर 22 में जलभराव की शिकायत नगर निगम से की थी लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नगर निगम के जूनियर इंजीनियर से शिकातय पर उन्होंने बताया कि वह अभी शहर में नए आए हैं और जलभराव से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। महिला की शिकायत पर अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल वे सेक्टर 15 और सेक्टर 11 के बीच बने अंडरपास से पानी निकाल रहे हैं और उसके बाद सेक्टर 22 में पहुंचेगे।
यह भी पढ़ें: रजिस्ट्रेशन हो गया, दिल्ली की महिलाओं को किस तारीख से मिलेंगे 2500 रुपये?
सिटी ब्यूटीफुल का बुरा हाल
चंडीगढ़ में इस साल हर बारिश में जलभराव की शिकायतें सामने आ रही हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी से लेकर सेक्टर 15, 11, 22 वीआईपी सेक्टर कहे जाने वाले सेक्टर 7,8 में भी जलभराव की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद लोग अब प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि चंडीगढ़ में अधिकारियों की पूरी फौज तैनात है लेकिन शहर में हल्की बारिश के बाद भी जलभराव की समस्या सामने आ जाती है, जबकि शहर में पानी की निकासी की व्यवस्था की गई है। अब लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या नगर निगम के अधिकारियों ने बारिश से पहले पानी के नालों में फंसे मलबे को साफ नहीं करवाया। चंडीगढ़ जैसे शहर से इस तरह की तस्वीरें आने पर लोग चिंता जाहिर कर रहे हैं।