कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक नर्स पर धारदार हथियार से हमला करने और तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। महिला की हालत नाजुक है। वह एक निजी क्लीनिक में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद में महिला के पति ने ही पीछाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना बेंगलुरु के जेपी नगर की है।
महिला की पहचान 26 वर्षीय मधुमिता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सुबह सवा नौ बजे मधुमिता नाश्ता करने बाहर निकली थी। तभी उसके पति ने पार्किंग तक उसका पीछा किया और उस पर तेजाब फेंका। बेसमेंट के पास ही आरोपी पति ने महिला को पकड़ लिया और उस पर धारदार छुरी से कई बार हमला किया।
यह भी पढ़ें: न रूम मिल रहे न खाना, 14 घंटे इंतजार... एशियन गेम्स में बदतइंतजामी की हदें पार
पुलिस के मुताबिक महिला मूलरूप से कोलकाता की रहने वाली है। डेढ़ साल से क्लीनिक में बतौर नर्स काम कर रही है। वहीं आरोपी पति वेंकटेशन तमिलनाडु का रहने वाला है। घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने आरोपी को काबू किया। अब उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक महिला की हालत नाजुक है। एक अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति अपने साथ तेजाब और धारदार हथियार लाया था। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी वायरल है। इसमें हेलमेट पहने एक शख्स महिला पर छुरी से कई वार करते दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: हादसा या हत्या...? एटा की नहर में तैरती मिली देवर भाभी की लाश
वहां पर मौजूद लोग चिल्लाकर महिला को बचाने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग आगे भी बढ़ते हैं, लेकिन ज्यादा हिम्मत नहीं दिखा पाते हैं। दरअसल, लोगों को डर था कि कहीं आरोपी उन पर ही हमला न कर दे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि मतभेद के बाद पति-पत्नी अलग रह रहे थे।