तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के हफीजपेट रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला के साथ मारपीट और उसके बाल पकड़कर सड़क पर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। महिला के साथ ऐसा बरताव कोई और आम आदमी नहीं बल्कि होमगार्ड था। अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी खुद तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (DGP) सीवी आनंद ने दी है।
आपको बता दें कि घटना शुक्रवार, 18 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद होमगार्ड के व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आरोपी की पहचान आनंद के रूप में हुई है। वह रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में प्रतिनियुक्ति पर तैनात था।
यह भी पढ़ें: पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू हिरासत में, क्या है अंडा-टमाटर का मामला?
सीवी आनंद ने घटना पर जताई कड़ी नाराजगी
तेलंगाना के DGP सीवी आनंद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, 'हमारे किसी भी कर्मचारी का इस तरह का व्यवहार, चाहे उसका पद कुछ भी हो और सामने से कितनी भी उकसावे वाली स्थिति क्यों न बनी हो माफ नहीं किया जा सकता। यह बेहद निंदनीय है और पुलिस को दिए गए निर्देशों और ट्रेनिंग की पूरी तरह अनदेखी है।
उन्होंने आगे लिखा, 'जांच में पता चला है कि यह होमगार्ड रेलवे पुलिस में डेपुटेशन पर तैनात है और स्थानीय पुलिस का हिस्सा नहीं है। उसे नौकरी से हटा दिया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। मैंने साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।'
यह भी पढ़ें: रेजीनगर में ममता के प्रत्याशी ने मारी पलटी, कहा- मैं उपचुनाव लड़ूंगा
वीडियो वायरल होने के बाद संज्ञान लिया गया
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें होमगार्ड एक महिला के साथ मारपीट करता और उसके बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में 4 लोगों को टक्कर मारकर भागा कार ड्राइवर, पुलिस ने दबोचा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने आनंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में महिला के साथ आपराधिक बल प्रयोग और चोट पहुंचाने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।