बिहार के बेतिया से दो साल के मासूम के गायब होने का मामला सामने आया है। मझौलिया क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में घर के बाहर खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्ची को लेकर जाती दिखाई दे रही है। परेशान परिवार और गांव वाले थाने पहुंच गए और बच्ची का पता लगाने की मांग करने लगे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गायब होने वाली बच्ची का नाम अनाया खातून है। पिता हसीब खान ने बताया कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। परिवार वालों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश किया। जब कोई जानकारी नहीं मिली तब मझौलिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। थाने पर करीब 100 से अधिक गांव वाले पहुंच गए और बच्ची को जल्द खोजने की मांग की।
यह भी पढ़ें: 'अकाली-BJP का गठजोड़, कछुए और चूहे की दोस्ती जैसा', भगवंत मान ने कसा तंज
रोज की तरह बाहर खेल रही थी अनाया
हसीब खान की दो वर्षीय बेटी अनाया खातून रोज की तरह घर के बाहर गली में खेल रही थी। घर के दरवाजे पर ही उसकी मां काम कर रही थी। कुछ देर के लिए मां अंदर गई और लौटी तो बच्ची गायब थी। पहले तो लगा कि कहीं आसपास ही होगी, लेकिन जब काफी देर तक नहीं लौटी तो परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने आसपास के घरों, गली-मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां तलाशा। कई घंटे तक खोजबीन की, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। धीरे-धीरे खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्ची के न मिलने पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता हसीब खान का कहना है कि दो साल की बच्ची अकेले कहीं नहीं जा सकती।
फुटेज को आधार बना जांच में जुटी पुलिस
मोहल्ले में लगे एक सीसीटीवी कैमरे ने पुलिस की मदद की। फुटेज में एक महिला बच्ची को गोद में ले जाते दिखाई दे रही है। पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: यूपी में तेज हुआ लेखपाल आंदोलन, ऑनलाइन काम का बहिष्कार; 24 से अनिश्चितकालीन धरना
फुटेज में महिला का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। पुलिस उसकी चाल-ढाल और कपड़ों के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम भी जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम को भी लगाया गया है। बच्ची की फोटो सभी थानों को भेज दी गई है। आसपास के इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बच्ची को बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।