logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'कनाडा से आकर गोली मारी और चला गया', इंदर कौर हत्याकांड में पुलिस का खुलासा

इंदर कौर हत्याकांड केस में पुलिस ने बताया है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा से आया और इंदर की हत्या करके नेपाल के रास्ते वापस चला गया।

inder kaur

इंदर कौर, Photo Credit: Social Media

पंजाब की मशहूर गायिका इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर अपने घर से गायब हो गई थीं। बाद में उनकी लाश 19 मई को पंजाब के लुधियाना में एक नहर में मिली। इस केस में अब पुलिस ने खुलासा किया है कि मुख्य आरोपी का नाम सुखविंदर सिंह है और वह कनाडा में रहता है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी पुलिस का कहना है कि सुखविंदर सिंह नेपाल के रास्ते कनाडा से आया और इंदर कौर की हत्या करके कनाडा चला गया। पुलिस का कहना है कि सुखविंदर पहले से शादीशुदा है लेकिन इंदर से भी उसका अफेयर चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह इंदर पर शादी करने का दबाव भी बना रहा था।

 

लुधियाना के जमालपुर की निवासी इंदर कौर 13 मई को अपने घर से निकली थीं लेकिन घर नहीं लौटीं। उनके लापता लोने की रिपोर्ट लिखवाई गई तो पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस ने शुरुआत में भी आशंका जताई थी कि यह सुखविंदर का ही कारनामा हो सकता है। इंदर कौर के भाई ने भी आरोप लगाए थे कि सुखविंदर सिंह ने ही इंदर का अपहरण कर लिया है। सुखविंदर मूल रूप से मोगा जिले का निवासी है लेकिन अब कनाडा में रहता है।

 

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी का AAP से क्या कनेक्शन निकल आया? वायरल हुई पुरानी पोस्ट

पुलिस ने क्या बताया?

इस मामले पर विस्तार से जानकारी देते हुए लुधियाना के डीसीपी जसकीरत सिंह तेजा ने बुधवार को कहा, '13 तारीख को यशइंदर कौर की मिसिंग रिपोर्ट आई थी। वह पंजाबी सिंगर थीं और म्यूजिक इंडस्ट्री में भी काम कर चुकी थीं। शिकायत में बताया गया कि लड़की ग्रॉसरी लेने गई थी लेकिन वापस नहीं आई। फिर हमने जांच शुरू की और 15 तारीख को अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इस मुकदमे में हमने धारा 364 और आर्म्स ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'हमने एक टीम लगाई जिसने इस पर खूब मेहनत की। हमें पता चला कि 13 मई को ही लड़की का मर्डर कर दिया गया था। उसे नीलो इलाके में बुलाया गया था। सुखविंदर सिंह कनाडा के कैलगरी का रहने वाला है। उसके साथ करमजीत सिंह और रविंदर सिंह की भी इसमें मिलीभगत है। सुखविंदर सिंह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इस लड़की से भी उसका अफेयर था और बार-बार शादी करने का दबाव बना रहा था। हालांकि, लड़की शादी के लिए राजी नहीं थी क्योंकि उसे पता था कि वह शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं।'

 

यह भी पढ़ें: प्रेमी से फोन पर बात करती थी बेटी, बाप ने गला दबाकर मार डाला और खेत में दफनाया

 

डीसीपी जसकीरत सिंह ने आगे बताया, 'उस दिन भी सुखविंदर सिंह ने यशइंदर कौर को बुलाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार हुई और लड़की राजी नहीं हुई तो गोली मारकर उसकी लाश नहर में फेंक दी। जहां लड़की की लाश फेंकी थी, उससे थोड़ा सा आगे जाकर उसकी गाड़ी भी नहर में फेंक दी थी। उसके साथियों ने हथियार को ठिकाने लगाया। जांच के दौरान हमें पता चला कि वह नेपाल के रास्ते आया था और उसी रास्ते वापस चला गया। हमने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है- जिसमें करमजीत सिंह, प्रीतम सिंह और रोहिंदर शामिल हैं। हमने वारदात में शामिल 30 बोर और 45 बोर के दो पिस्टल भी बरामद किए हैं। नहर में फेंकी गई गाड़ी भी बरामद कर ली है।'


और पढ़ें