दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अचानक आए एक भयानक तूफान और भारी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। यहां रनवे पर खड़ा ग्राउंड सपोर्ट का सामान तेज हवाओं के कारण अपनी जगह से हिल गया। हवा का बहाव इतना तेज था कि इंडिगो कंपनी की पैसेंजर सीढ़ी लुढ़कती हुई वहां खड़े एयर इंडिया के तीन छोटे विमानों से जा टकराई। इस टक्कर की वजह से एयर इंडिया के तीनों प्लेन को नुकसान पहुंचा है।
यह घटना टर्मिनल 2 के पार्किंग बे में हुई। वहां अचानक बहुत तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश शुरू हो गई। इस अचानक आए खराब मौसम को लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की तरफ से पहले से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था। अलर्ट न मिलने के कारण ग्राउंड स्टाफ और एयरलाइंस को अपने उपकरणों को पहले से बांधने या सुरक्षित करने का मौका नहीं मिल सका।
यह भी पढ़ें: नकली बीवी संग बैंक पहुंचा पति, असली पत्नी के 20 लाख के गहने उड़ा लिए
पार्किंग बे 206 पर क्या हुआ?
टर्मिनल 2 के पार्किंग बे 206 पर एयर इंडिया का एक विमान खड़ा था। तेज हवाओं के चलते इंडिगो की एक पैसेंजर सीढ़ी अपनी जगह से खिसक गई और वह लुढ़कती हुई एयर इंडिया के विमान की तरफ बढ़ने लगी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें दिख रहा है कि इंडिगो के कर्मचारियों ने आंधी के बीच दौड़कर उस चलती हुई सीढ़ी को एयर इंडिया के विमान से महज 6.5 मीटर की दूरी पर रोक लिया।
यह भी पढ़ें: जयपुर में 24 घंटे बंद रहेगा इंटरनेट, हाई अलर्ट, ऐसा क्या होने जा रहा है?
एयर इंडिया के तीन विमानों को पहुंचा नुकसान
हवा इतनी तेज थी कि इंडिगो और एयर इंडिया इंजीनियरिंग के कुछ दूसरे सामान जैसे कि सीढ़ियां और ट्रेस्टल्स, अपनी जगह से उखड़ गए और वे वहां खड़े एयर इंडिया के तीन विमानों से टकरा गए। हादसे के वक्त इन विमानों के अंदर कोई भी यात्री या स्टाफ मौजूद नहीं था। इनमें से एक विमान को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है खासकर उसके स्टेयरवेल को। इस विमान को ठीक होने में थोड़ा लंबा समय लगेगा और वह कुछ दिनों तक उड़ान नहीं भर पाएगा।
बाकी के दो विमानों को मामूली नुकसान आया है जिन्हें शुरुआती मरम्मत के बाद इसी हफ्ते वापस सेवा में ले आया जाएगा। सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट ऑपरेटर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने इन तीनों विमानों को अभी ऑपरेशन्स से बाहर कर दिया है।