चंडीगढ़ के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की खुदकुशी के मामले में उनकी पत्नी अमनीत पी. कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि सीनियर अधिकारियों के उत्पीड़न से तंग आकर उनके पति ने आत्महत्या की। अमनीत ने चंडीगढ़ पुलिस से दो सीनियर अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज करने और उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
वाई पूरन कुमार मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास में मृत पाए गए थे। वाई पूरन कुमार 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने खुद को गोली मार ली थी। उनकी पत्नी अमनीत भी एक आईएएस अधिकारी हैं। पति की मौत के बाद वह जापान से तुरंत लौट आईं।
वाई पूरन कुमार के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उन्होंने कई परेशानियों का जिक्र किया था। उन्होंने कथित तौर पर यह भी लिखा था कि कुछ अधिकारियों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।
अब उनकी पत्नी अमनीत पी. कुमार ने सीनियर अधिकारियों पर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सीनियर अधिकारियों ने उनके पति का उत्पीड़न किया, जिसने उन्हें आत्महत्या करने को मजबूर कर दिया।
यह भी पढ़ें-- खुदकुशी से पहले IPS वाई पूरन के घर में क्या-क्या हुआ?
पत्नी ने क्या-क्या आरोप लगाए?
अमनीत ने अपनी शिकायत में हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने इन दोनों अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि इनकी वजह से ही उनके पति ने आत्महत्या की।
उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इन अधिकारियों ने उनके पति को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। अपने पद का इस्तेमाल करके पति को साजिश के तहत फंसाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्होंने मेरे पति को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उनके पास आत्महत्या के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा था।
वसीयत और सुसाइड नोट मिला था
चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित घर पर आईपीएस पूरन कुमार का शव मिला था। उन्हें गोली लगी हुई थी। उनके पास से एक वसीयत और सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया था।
इस बीच, रोहतक में एक शराब ठेकेदार ने एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ उससे रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। हेड कांस्टेबल सुशील कुमार को रोहतक पुलिस ने सोमवार को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
शराब ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि हेड कांस्टेबल ने पूरन कुमार के नाम पर ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें-- चंडीगढ़ में IG ने खुद को क्यों मारी गोली? बेसमेंट में मिली लाश
हाल ही में हुआ था पूरन कुमार का तबादला
पूरन कुमार 2001 बैच के आईपीएस हैं। पूरन कुमार को हाल ही में रोहतक के सुनारिया में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) के महानिरीक्षक के रूप में तैनात किया गया था। पूरन कुमार इससे पहले रोहतक रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) पद पर तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला सुनारिया में हुआ था।
अंबाला, रोहतक और कुरुक्षेत्र सहित हरियाणा के कई जिलों में सेवा दे चुके आईपीएस अधिकारी पूरन ने इंजीनियरिंग से स्नातक किया था और वह मई 2033 में सेवानिवृत्त होने वाले थे।