राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गुरुवार को बड़ा बवाल हो गया। जमीनी विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने स्कॉर्पियो गाड़ी को दूसरे पक्ष के युवकों के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया। इस घटना की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि मामला कितना गंभीर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सांचौर क्षेत्र में लंबे समय से एक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका था। गुरुवार को भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष मंगलवार शाम को आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: आरक्षण देने को बेताब भारत में कितनी सुरक्षित हैं महिलाएं? हैरान कर देंगे आंकड़े
युवकों पर चढ़ा दी गाड़ी
एक पक्ष के लोग स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर पहुंचे और उन्होंने विरोधी पक्ष के दो युवकों को निशाना बनाते हुए गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों से गाड़ियों के शीशे तोड़ने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वीडियो वायरल
इस घटना की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक गाड़ी सामने खड़े लोगों पर हमला करने की कोशिश करती है। इतने में दूसरी गाड़ी तेजी से आती है और दो युवक उसकी चपेट में आ जाते हैं। इसके बाद वहां मौजूद लोग लाठियों से गाड़ी पर वार करना शुरू कर देते हैं। एक युवक ट्रैक्टर पर चढ़कर उससे गाड़ी को रोकने की कोशिश करता है। इसी दौरान दूसरी कार आती है और गाड़ी पर हमला कर रहे एक युवक को निशाना बनाती है। इसके बाद दोनों गाड़ियां लेकर वहां से फरार हो जाते हैं।
क्या बोले लोग?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बेहद डरावनी थी और कार से आए लोगों ने तमाम लोगों पर हमला करने की कोशिश की। लोगों का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पहले डीजल-पेट्रोल अब CNG के भी दाम बढ़े, 2 रुपये महंगी हो गई गैस
घायलों का इलाज जारी
इस घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को गंभीर चोटें आई हैं लेकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। परिवार के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं।