उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शारजाह से इंडिगो की उड़ान से पहुंचे बिहार के एक यात्री ने कस्टम अधिकारियों को चकमा देने के लिए सोने को पेस्ट के रूप में प्लास्टिक के पैकेट में छिपाकर अपने अंडरवियर और कमर के पास बांध रखा था लेकिन उसकी संदिग्ध चाल-ढाल ने अधिकारियों का ध्यान खींच लिया। लंगड़ाकर चलते दिखे यात्री को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 472.100 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 70.81 लाख रुपये बताई गई है। कस्टम विभाग ने सोना जब्त कर यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ान संख्या 6E-1424 शारजाह से लखनऊ पहुंची थी। विमान से उतरने के बाद यात्री अराइवल हॉल से गुजर रहे थे। इस दौरान कस्टम विभाग की टीम नियमित जांच के साथ संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।इसी बीच एक यात्री की चाल-ढाल अधिकारियों को असामान्य लगी। वह लंगड़ाकर चल रहा था। संदेह होने पर अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। यात्री के जवाब संतोषजनक नहीं लगे तो उसे अलग जांच कक्ष में ले जाया गया। वहां तलाशी के दौरान उसके अंडरवियर और कमर के पास छिपाया गया सोने का पेस्ट बरामद हुआ। सोने को प्लास्टिक के पैकेट में रखकर इस तरह बांधा गया था कि सामान्य जांच में आसानी से नजर न आए।
यह भी पढ़ें: नेताओं और अफसरों के चक्कर में वीडियो बनाने को मजबूर हुईं श्रद्धा दुबे?
बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है यात्री
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने पकड़े गए यात्री की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में की है। पूछताछ के दौरान वह बरामद सोने से संबंधित वैध दस्तावेज, इनवॉइस या कस्टम डिक्लेरेशन पेश नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने सोना जब्त कर लिया और उसे विभागीय मुख्यालय ले जाकर पूछताछ शुरू की।
शारजाह में किसने दिया सोना, लखनऊ में किसे पहुंचाना था?जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि केदार महतो को शारजाह में सोना किसने सौंपा था और लखनऊ पहुंचने के बाद उसे किस व्यक्ति या कारोबारी तक पहुंचाया जाना था। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित तस्करी नेटवर्क के लिए काम कर रहा था या नहीं। हालांकि, किसी बड़े गिरोह में उसकी भूमिका और सोने के अंतिम खरीदार के बारे में अभी जांच पूरी होने तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें: शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे फरार, 'संजय सर' पर गहराया शक
सोने की तस्करी पर कस्टम की नजर
विदेश से भारत आने वाले यात्रियों के जरिए सोने की तस्करी रोकना कस्टम विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। तस्कर जांच से बचने के लिए सोने को पेस्ट, कैप्सूल और दूसरे छिपे हुए रूपों में लाने की कोशिश करते हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई में भी सोने को पेस्ट के रूप में छिपाया गया था। कस्टम विभाग अब बरामद सोने के स्रोत, संभावित रिसीवर और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।फिलहाल, 70.81 लाख रुपये के सोने की बरामदगी के बाद कस्टम विभाग की जांच जारी है।