मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रशासन ने एक अनोखी पहल शुरू की है, जहां शराब ठेके के पास हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। ठेके पर शराब खरीदने वाले लोगों का ब्लड टेस्ट, शुगर और ब्लड प्रेशर टेस्ट किया जा रहा है। कुछ समय पहले बंडा में शराब का सेवन करने वाले लगभग 36 लोगों की मौत हुई थी। जिनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि मृतक लोग बीमार थे। इसी वजह से मध्य प्रदेश सरकार ने ठेके के बाहर हेल्थ चेकअप का कैंप लगवाया। हेल्थ चेकअप के साथ लोगों को शराब के प्रभाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
सागर जिले के बीना में शराब ठेके के बाहर हेल्थ कैंप लगा है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। प्रशासन की इस पहल को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता कुणाल चौधरी ने सवाल उठाया। कुणाल ने कहा कि जहां एक तरफ अस्पताल में मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है, वहीं दूसरी तरफ शराब के ठेके के पास डॉक्टरों की टीम है।
यह भी पढ़ें: असदुद्दीन ओवैसी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, वीडियो वायरल होने पर CO को पद से हटाया
डॉक्टरों ने दिया लोगों को सुझाव
हेल्थ कैंप में डॉक्टरों ने शराब पीने वाले लोगों का हेल्थ चेकअप किया। साथ ही शराब पीने वाले लोगों की खान-पान की आदतों की जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। इसके अलावा हेल्थ चेकअप की रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
डॉक्टर अमित रंजन त्रिपाठी ने लोगों को शराब पीने से होने वाले नुकसान के बारे में समझाया। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि शराब का सेवन कम करें। इसके अलावा गांव और किराने की दुकानों पर बिकने वाली अवैध शराब खरीदने से बचें।
यह भी पढ़ें: खुद भीख मांगकर चलाती हैं घर, मंदिर को दान में दे दिए 1 लाख रुपये
कांग्रेस पार्टी के नेता क्या बोले?
मध्य प्रदेश सरकार की इस मुहिम को लेकर कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, 'मोहन यादव सरकार ने नई योजना शुरू की है, जहां शराब के साथ मुफ्त इलाज। जरा इसे तो देखिए, अस्पतालों में मरीज डॉक्टरों और इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं लेकिन शराब की दुकानों पर डॉक्टरों की पूरी टीम तैनात है।'
इसके बाद उन्होंने कहा, 'सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद, क्या सरकार को शराब पीने वालों का चेकअप करना है या अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना? इसके बाद कुणाल चौधरी ने कहा, बीजेपी सरकार में अस्पतालों में इलाज की कोई गारंटी नहीं लेकिन शराब की दुकानों पर हेल्थ चेकअप की पूरी गारंटी।'