उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सिर्फ 80 रुपये के लिए एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। 23 सितंबर की रात को अनीस अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान झगड़ा हुआ और तीनों दोस्तों ने मिलकर अनीस की हत्या कर दी। फिर इन्हीं दोस्तों ने उसकी लाश को खेत में गाड़ दिया था। आरोपियों ने बताया कि उन्हें लगा कि उसके पास और पैसे होंगे लेकिन जेब में सिर्फ 80 रुपये ही निकले।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु और राजा ने अनीस के हाथ-पैर पकड़ लिए। वहीं तीसरे दोस्त जसविंदर उर्फ हर्ष उर्फ अंगा ने बेरहमी से बेल्ट से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद अनीस की गर्दन पर नुकीले मेटल पिन से कई वार किए गए।
यह भी पढ़ें: कैंडी क्रश का जुनून बना रिकॉर्ड, बिहार के शुभम ने पार किया 22,222वां लेवल
जेब में मिले सिर्फ 80 रुपये
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें लगा था कि अनीस के पास बहुत पैसे होंगे। हत्या के बाद जब तीनों आरोपियों ने उसका जेब देखा तो उसमें सिर्फ 80 रुपये मिले। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कुम्हारपुरा गांव के पास नहर किनारे गन्ने के खेत में गाड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने घटना के समय पहने कपड़े भी अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए ताकि पुलिस को सबूत जुटाने में समस्या हो।
पगड़ी बांधने वाले पिन से किया हमला
इस मामले में इस्तेमाल किया गया पिन भी जांच में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, यह नुकीला मेटल पिन पगड़ी ठीक करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसे कुछ जगहों पर इसे ‘बाज’ कहा जाता है। अनीस के भाई जमील ने 27 सितंबर को स्योहारा थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंची।
यह भी पढ़ें: सीमापुरी हादसा: मलबे में दबा एक और शव बरामद, अब तक 4 लोगों की हो चुकी है मौत
पुलिस ने पहले हिमांशु और राजा को गिरफ्तार किया था। अब तीसरे आरोपी जसविंदर उर्फ हर्ष उर्फ अंगा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक बेल्ट, नुकीला मेटल पिन और अनीस की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।