देश की राजधानी दिल्ली में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मणिपुर म्यूजिशियन की पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। जब शख्स ने अपने घर के बाहर कुछ लोगों को शराब पीकर शोर करने से रोका था तो आरोपियों ने उनकी पिटाई की थी, जिस वजह से वह जख्मी हो गए थे। जख्मी हालत में पीड़ित शख्स को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने शख्स को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
यह घटना दिल्ली के किलोकरी गांव में रहने वाले व्यक्ति के साथ हुई। यहां रहने वाले विक्रम सिंह ने घर के बाहर शोर-शराबा करने वाले लोगों का विरोध किया था। विक्रम सिंह के घर के सामने एक ढाबा है, जहां डिलीवरी बॉय का काम करने वाले शख्स ने कथित तौर पर विक्रम सिंह को पीटा था। पुलिस इस मामले की आगे जांच-पड़ताल में जुटी है। इस मामले को देखने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दुख जाहिर किया।
यह भी पढ़ें: अपनी बीवी को जान से मार डाला, काटकर फ्रिज में रखी थी लाश
पीट-पीटकर ली जान
पुलिस के मुताबिक, 54 साल के विक्रम सिंह के घर के बाहर कुछ लोग शोर मचा रहे थे। शोर से परेशान होकर विक्रम घर के बाहर मौजूद लोगों को टोकने गए थे। इस पर शराब के नशे में धुत लोगों ने विक्रम को पीटा। लोगों ने विक्रम पर लात-घूंसे बरसाए, जिस वजह से विक्रम बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके बाद विक्रम सिंह के बेटे याइफाबा ने उन्हें होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान विक्रम को मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान 19 साल के भारत, 21 साल के दीपांशु, 22 साल के रमजान खान, 26 साल के प्रमोद, मन्नु, 32 साल के विश्वकर्मा और 36 साल के विजय के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: चेन्नई में मंत्री की कार ने मारी टक्कर, युवक की गई जान, आरोपी गिरफ्तार
DU के छात्रों ने व्यक्त किया दुख
इस मामले के बारे में जानने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों ने दुख व्यक्त किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने घटना का विरोध किया, साथ ही एक्स अकाउंट पर दुख व्यक्त किया। दिल्ली यूनिवर्सिटी नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी के छात्रों ने भी शोक व्यक्त किया।