logo

मूड

ट्रेंडिंग:

लापता हुए, लाश मिली और दफना दिया, फिर घर लौट आया शख्स, हैरान कर देगी यह कहानी

झारखंड में घर से लापता हुए एक शख्स के परिवार ने कुछ दिनों बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। अब वही आदमी अपने घर लौट आया है।

ai generated image of a man

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

झारखंड के खूंटी जिले के एक परिवार में पिछले कई दिनों से मातम का माहौल था। वजह थी कि घर का एक शख्स 10 मई को लापता हुआ। कुछ दिन बाद एक नाले में लाश मिली और घरवालों ने पहचान की कि यह तो वही आदमी है। उस आदमी की लाश घर लाई गई और दफना दिया गया। अब वही आदमी अपने घर लौट आया है तो हर कोई हैरान है। पुलिस विभाग भी अब परेशान है कि अगर वह शख्स जिंदा है तो फिर जिसकी लाश दफनाई गई वह कौन है। माना जा रहा है कि इस परिवार से लाश की पहचान करने में गलती हुई और दूसरे की लाश को अपने परिवार का मानकर दफना दिया गया।

 

यह मामला खूंटी जिले का है। पत्राटोली गांव के 45 वर्षीय शख्स विश्राम मुंडा 10 मई को अपने घर से निकले थे। उन्हें एक शादी में जाना था लेकिन वहां नहीं पहुंचे। घर भी नहीं लौटे तो उनकी छानबीन हुई। कहीं पता नहीं चला तो पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। पुलिस ने भी खूब खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। अगले दिन एक नाले से अज्ञात लाश मिली। पुलिस ने लाश निकलवाई और विश्राम मुंडा के घर पर सूचना दी। विश्राम के घर पर कोहराम मच गया और आनन-फानन में उनके घरवाले पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार की जेल में बैठे-बैठे बंगाल में करा दी 5 किलो सोने की लूट? अब तक 2 गिरफ्तार

लाश पहचानने में हुई चूक

 

खूंटी सदर अस्पताल में रखी लाश को देखकर परिवार ने पहचान भी कर ली कि यह लाश विश्राम मुंडा की ही है। अब पुलिस ने बताया है कि शव की लंबाई, शारीरिक बनावट और चेहरा विश्राम मुंडा से काफी मिलता-जुलता था और परिवार के सदस्यों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी शव को लापता व्यक्ति का ही मान लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया और शव को आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार दफना दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'कनाडा से आकर गोली मारी और चला गया', इंदर कौर हत्याकांड में पुलिस का खुलासा

 

अब खूंटा उपमंडल के पुलिस अधिकारी (SDPO) वरुण रजक ने कहा है, 'दफनाने के कुछ दिन बाद, विश्राम मुंडा अचानक खूंटी में अपनी बेटी के किराए के घर पर पहुंच गए, जिससे उनके रिश्तेदार हैरान रह गए। उन्होंने अपने परिवार वालों को बताया कि वह बिना किसी को बताए रामगढ़ चले गए थे।' अब पुलिस का कहना है कि मृतक शख्स यानी जिसकी लाश दफनाई गई है उसकी सही पहचान करने के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने शव को कब्र से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

Related Topic:#Jharkhand news

और पढ़ें