बिहार के राजधानी पटना में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने प्यार के नाम पर धोखा दिया, प्रेमिका का 25 हजार में सौदा किया, जिसके बाद पीड़िता से एक होटल में जबरन डांस और यौन शोषण कराया गया। पालीगंज की एक नाबालिग के साथ दरिंदगी की ये पूरी कहानी पुलिस ने उजागर कर दी है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित गंगा महल होटल में छापेमारी कर पुलिस ने नाबालिग को मुक्त कराया। मौके से नाबालिग का कथित प्रेमी, 2 महिला डांसर समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 11 मोबाइल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया। पुलिस ने नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया है। आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
यह मामला पटना के पालीगंज क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पालीगंज निवासी एक युवक ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया। शादी का वादा कर उसे घर से भगा ले गया। 4 जुलाई को परिजन ने पालीगंज थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस जांच में जुटी थी। पूछताछ में प्रेमी ने सनसनीखेज खुलासा किया। उसने बताया कि नाबालिग को दो महिलाओं के हवाले कर दिया। बदले में 25 हजार रुपये ले लिया। पैसे लेने के बाद दोनों महिलाएं नाबालिग को लेकर फरार हो गईं।
यह भी पढ़ें: 7 महीने में सिर्फ 17 केस निपटाए, बिहार के SDPO पर गिरेगी गाज?
पुलिस दोनों महिलाओं की तलाश कर रही थी। इसी बीच खुफिया सूचना मिली। दोनों महिलाएं जीरो माइल स्थित गंगा महल होटल में डांस कार्यक्रम में हैं। साथ में नाबालिग भी है। सूचना मिलते ही पालीगंज और अगमकुआं थाना पुलिस की संयुक्त टीम एक्शन में आई।
छापेमारी कर कराया गया मुक्त
पुलिस ने होटल के एक कमरे में छापा मारा। कमरे से नाबालिग को बरामद किया गया। मौके से दोनों महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। उनके साथ डांस पार्टी में मौजूद 8 युवकों को भी पकड़ा गया। कुल 11 लोग पुलिस के हत्थे चढ़े। कमरे से 11 मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामान जब्त किए गए। नाबालिग ने पुलिस को आपबीती सुनाई। उसने कहा कि उसे बंधक बनाकर रखा गया था। जबरन डांस कार्यक्रमों में ले जाया जाता था। भागने की कोशिश पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। नाबालिग ने आरोप लगाया कि होटल के कमरे में उसके साथ यौन शोषण किया गया। कई लोगों ने उसके साथ छेड़खानी भी की। पुलिस ने तुरंत संबंधित कमरे की फॉरेंसिक टीम से जांच कराई कमरे को सील कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर के बाद बद्रीनाथ धाम में भी हुई चोरी, कमेटी अध्यक्ष के सचिव सस्पेंड
महिलाएं चलाती थीं डांस का धंधा
पुलिस जांच में सामने आया। गिरफ्तार दोनों महिलाएं डांस का धंधा चलाती थीं। ये नाबालिग और अन्य लड़कियों को पार्टी में डांस कराने के नाम पर ले जाती थीं। इसके बाद उनका यौन शोषण कराया जाता था। पैसे लेकर सौदा किया जाता था। नाबालिग को भी इसी नेटवर्क के जरिए 25 हजार में खरीदा गया था। पुलिस ने मामले में सभी 11 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में नाबालिग का प्रेमी, 2 महिलाएं और 8 युवक शामिल हैं। पुलिस अब होटल संचालक की भूमिका भी खंगाल रही है।