उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक ऐसी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसने अंधविश्वास और बदले की सनक की भयावह तस्वीर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक परिवार में बेटा पैदा होने की भविष्यवाणी गलत साबित होने के बाद पिता-पुत्र ने कथित तौर पर मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोपी यहीं नहीं रुके, बल्कि हत्या का शक गांव के एक पड़ोसी पर डालने के लिए घटनास्थल पर उसकी फोटो भी छोड़ दी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मामला मुजफ्फरनगर जिले के भौराकलां थाना क्षेत्र के कुरावा मार्ग स्थित गुंबद वाले शिव मंदिर का है। यहां रहने वाले पुजारी स्वामी देवानंद भारती की 13 अक्टूबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर में पुजारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
बेटा होने की बात कही, घर में बेटी पैदा हुई तो बढ़ी रंजिश
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी जीशान की पत्नी को पहले गर्भधारण में परेशानी हुई थी। इसी सिलसिले में जीशान पुजारी स्वामी देवानंद भारती के संपर्क में आया था। पुलिस का कहना है कि पुजारी ने परिवार में बेटा पैदा होने की भविष्यवाणी की थी और कुछ जड़ी-बूटियों से जुड़ा उपचार भी बताया था।
करीब डेढ़ महीने पहले जीशान की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद भविष्यवाणी को लेकर जीशान और पुजारी के बीच नाराजगी तथा विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में जीशान ने अपने पिता हाशिम के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की साजिश रची।
यह भी पढ़ें: कानपुर: होमगार्ड भर्ती में रिश्वतखोरी, मेडिकल निरस्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
पड़ोसी को फंसाने के लिए रची गई दूसरी साजिश
पुलिस के मुताबिक जीशान और उसके पिता हाशिम का गांव के ही हरेंद्र नाम के व्यक्ति से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दोनों ने पुजारी की हत्या करने के साथ-साथ हरेंद्र को इस मामले में फंसाने की योजना बनाई। इसके लिए हरेंद्र की फोटो हासिल कर उसकी पासपोर्ट साइज प्रतियां बनवाई। हत्या के बाद इन तस्वीरों को घटनास्थल पर छोड़ दिया।
फोटो बनवाने वाली दुकान तक पहुंची पुलिस
घटनास्थल से मिली फोटो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। जांच टीमों ने आसपास के गांवों में तस्वीर की पहचान कराने के साथ ही फोटो तैयार करने वाली दुकानों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस उस दुकान तक पहुंच गई, जहां से तस्वीरें बनवाई गई थीं। दुकान संचालक से पूछताछ में आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता मिला। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद हाशिम और उसके बेटे जीशान को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल से दिल्ली-NCR तक नशे का नेटवर्क, मथुरा के दो आरोपी गिरफ्तार
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह तथा पड़ोसी को फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।