उत्तराखंड के पर्यटन शहर नैनीताल में घूमने जाना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है। शहर में बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाली हर बाइक और स्कूटी पर 100 रुपये का एंट्री टैक्स लगा दिया गया है। नई व्यवस्था के लागू होते ही पर्यटकों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग इस फैसले को पर्यटन पर फालतू का बोझ बता रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
यह नई व्यवस्था 17 जुलाई 2026 की रात 12 बजे से शुरू हो गई है। इसके लिए तल्लीताल लेक ब्रिज, बारापत्थर और फांसी गधेरा नाम की जगहों पर नाके बनाए गए हैं जहां टैक्स लिया जा रहा है। नगर पालिका ने यह काम गाजियाबाद की एक कंपनी एमजी इंफ्रा को दिया है। इस कंपनी को यह ठेका 24.55 करोड़ रुपये में मिला है जो मार्च 2028 तक चलेगा। इस फैसले पर सभासदों ने पहले ही विरोध जताया था। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने आश्वासन दिया था कि बिना मीटिंग किए ठेका नहीं दिया जाएगा लेकिन 18 जुलाई की मीटिंग से पहले ही 16 जुलाई को ठेका दे दिया गया।
यह भी पढ़ें: बड़े भाई की मंगेतर ने तोड़ दी थी शादी, गुस्साए छोटे भाई ने चाकू मारकर ले ली जान
कितना पैसा देना होगा?
इस नई व्यवस्था के तहत गाड़ियों के हिसाब से टैक्स की राशि तय की गई है। नैनीताल जिले (UK-04 नंबर) की बाइक और स्कूटी पर कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। उत्तराखंड के दूसरे जिलों या दूसरे राज्यों से आने वाली बाइक और स्कूटी पर 100 रुपये का टैक्स लगेगा। नैनीताल जिले की कार पर 200 रुपये का टैक्स देना होगा। उत्तराखंड के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों की कार और बड़े वाहनों पर 300 रुपये का टैक्स लगेगा। जो लोग नैनीताल के रहने वाले हैं वे 800 रुपये देकर साल भर का पास बनवा सकते हैं।
नैनीताल के रहने वाले लोग जो नौकरी या पढ़ाई के लिए दिल्ली, नोएडा, देहरादून, हल्द्वानी या चंडीगढ़ जैसे शहरों में रहते हैं वे इस फैसले से परेशान हैं। उनके पास बाहर के नंबर की गाड़ियां हैं, घर आने पर उन्हें भी एंट्री टैक्स देना होगा। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि अपने ही शहर में आने के लिए बार-बार पैसा क्यों दें। दूसरी तरफ, दुकानदारों और होटल वालों को डर है कि पार्किंग और ग्रीन टैक्स के बाद इस नए एंट्री टैक्स से पर्यटक नैनीताल आना कम कर देंगे। इसका बुरा असर वहां के होटल और छोटे व्यापार पर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पति को मारने के बाद मोबाइल चलाती रही डॉक्टर पत्नी, बेटा भी हुआ जख्मी
पालिका अध्यक्ष का निर्देश
लोगों का गुस्सा और विवाद बढ़ता देख नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने स्थिति संभालने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि वह अभी शहर से बाहर हैं लेकिन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फिलहाल दोपहिया वाहनों से पैसा न लिया जाए। वह शुक्रवार को वापस आकर इस मामले की जांच करेंगी।