राजस्थान के जयपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने शक और आपसी रंजिश की वजह से कथित तौर पर पड़ोस की बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को शक था कि उसके पति का पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ प्रेम संबंध है। इसी वजह से उसने पड़ोसन की 5 साल की बच्ची का गला घोंटकर जान ले ली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना शनिवार की है। हरमाड़ा की श्याम वाटिका कॉलोनी निवासी आरोपी गुड़िया देवी पर हत्या का आरोप लगा है। मृत बच्ची शनिवार दोपहर 1 बजे से लापता थी। परिवार की खोजबीन के बाद भी बच्ची नहीं मिली, जिसके बाद परिजन ने स्थानीय पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि गुड़िया देवी ने ही हत्या की थी। गुड़िया देवी के घर से ही बच्ची का शव बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें: IG का दो दारोगाओं के खिलाफ एक्शन, एक दारोगा किया बर्खास्त, दूसरे को मिली सजा
गला घोंटकर ली जान
पुलिस के मुताबिक, 13 जून को आरोपी गुड़िया देवी बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने घर बुलाकर ले गई थी। इसके बाद उसने बच्ची के कपड़े उतार दिए और उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। बच्ची के शव को एक कंबल में लपेटकर अपने बेड के नीचे छिपा दिया था। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी गुड़िया देवी रात के समय शव को जंगल में फेंकने वाली थी लेकिन ऐसा नहीं कर सकी थी।
पुलिस को इस बात का पता तब चला जब वह बच्ची की तलाश कर रही थी। गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर साफ दिखाई दिया कि मृत बच्ची आखिरी बार गुड़िया देवी के घर जाती हुई दिखी थी।
यह भी पढ़ें: AIIMS अस्पताल में नर्स ने लगाया गलत इंजेक्शन, 3 साल के बच्चे की हुई मौत
शक की वजह से की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुड़िया देवी को कई दिनों से शक था कि उसके पति का पड़ोसन के साथ प्रेम संबंध है। गुड़िया देवी का दावा है कि उसका पति फिरोज खान पड़ोसन से फोन पर बात करता था। इसके अलावा गुड़िया देवी और मृत बच्ची की मां के बीच पानी भरने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। इन्हीं कारणों के आधार पर पुलिस ने गुड़िया देवी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।