logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नोएडा में रणदीप भाटी गैंग के शूटर का एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी माया ढेर

UP के नोएडा में शनिवार शाम को पुलिस ने रणदीप भाटी गैंग के 50 हजार के इनामी शार्प शूटर अमन उर्फ त्यागी को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में तीन पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। पढे़ रिपोर्ट

AI generated photo

प्रतीकात्मक फोटो। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में शनिवार शाम पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रणदीप भाटी गैंग के कुख्यात शार्प शूटर अमन उर्फ माया त्यागी को मुठभेड़ में मार गिराया। अमन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में कमिश्नरेट पुलिस और जिला क्राइम रिस्पॉन्स टीम (सीआरटी) की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

 

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम अमन उर्फ माया त्यागी की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गोलीबारी में घायल तीन पुलिसकर्मियों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

अमन उर्फ माया त्यागी को रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय और खतरनाक शार्प शूटर बताया जा रहा था। वह थाना बादलपुर से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। गैंग में उसकी भूमिका बेहद अहम मानी जाती थी और वह कथित तौर पर सुपारी लेकर हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

एक दर्जन से ज्यादा संगीन मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार अमन के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के दादरी, बादलपुर और बिसरख थानों के अलावा गाजियाबाद तथा मुजफ्फरनगर में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला समेत एक दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बदायूं: हथकड़ी की रस्सी काट थाने से भागा चोर, बाहर खड़ा रहा सिपाही

2019 में भी पुलिस मुठभेड़ में लगी थी गोली

अमन उर्फ माया त्यागी का पुलिस से पहले भी सामना हो चुका था। वर्ष 2019 में थाना फेज-2 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरनगर में हत्या समेत कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में भी उसकी भूमिका रही थी।

 

बताया जाता है कि रॉबिन त्यागी से पुरानी दुश्मनी के बाद अमन उसके साथ जुड़कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था। बाद में रॉबिन की दोस्ती रणदीप भाटी से हुई तो अमन भी रणदीप के संपर्क में आ गया। पुलिस से बचने के लिए वह लंबे समय तक ग्रेटर नोएडा में छिपकर रहा और इसी दौरान रणदीप भाटी गैंग के लिए काम करता रहा।

डबल मर्डर समेत कई बड़ी वारदातों में नाम

पुलिस के आरोपों के मुताबिक अमन का नाम ग्रेटर नोएडा में देवेंद्र भाटी और झुम्मनपुरा के एक ठेकेदार की हत्या के अलावा जुनपत में हुए दोहरे हत्याकांड में भी सामने आया था। जुनपत की इस वारदात में राजकुमार शर्मा और उनके सुरक्षाकर्मी की हत्या हुई थी। पुलिस का दावा है कि अमन लूटपाट जैसी घटनाओं में शामिल नहीं होता था, बल्कि उसका मुख्य काम गैंग के साथियों के साथ मिलकर हत्या और सुपारी किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम देना था।

 

यह भी पढ़ें: खाने में नींद की गोली, फिर 2 करोड़ की चोरी! नौकरानी ने रची साजिश

एनकाउंटर के बाद गैंग के नेटवर्क की जांच तेज

अमन उर्फ माया त्यागी के मारे जाने के बाद पुलिस अब रणदीप भाटी गैंग के नेटवर्क और उसके अन्य सक्रिय सदस्यों की भूमिका की जांच में जुटी है। पुलिस उसके संपर्कों, आपराधिक गतिविधियों और अलग-अलग जिलों में दर्ज मुकदमों का ब्योरा खंगाल रही है। इस कार्रवाई को गौतमबुद्ध नगर में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें