ओडिशा के बालासोर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने ढाई साल के मासूम बच्चे को बेच दिया। बेटे के बदले उसने एक लाख रुपये ले लिए। पुलिस ने आरोपी पिता और बच्चे को खरीदने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर आरोपी पिता अपने बेटे को बेचते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो देखने के बाद गांव के स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। जानकारी के अनुसार यह घटना बालासोर के बारीसाही गांव की है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी शख्स की दो पत्नियां हैं। दूसरी पत्नी से जन्मे ढाई साल के बेटे को ही उसने बेचा था।
यह भी पढ़ें: SIR के बहाने BLO ने प्रेमिका के पति को बुलाया, टुकड़ों में काटकर नहर में फेंका
क्यों बेचा अपना बच्चा?
पत्रकारों ने जब आरोपी पिता से बच्चे को बेचने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह इस समय आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। उसके इस बेटे के अलावा तीन और बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण करने में वह असमर्थ था। इसी वजह से उसने एक व्यक्ति को एक लाख रुपये में बेटा सौंप दिया। बच्चे को सौंपते ही आरोपी ने 50 हजार रुपये नकद ले लिए थे, जबकि बाकी रकम बाद में लेने की बात तय हुई थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से राजमिस्त्री है और उसने दो शादियां की हैं। दूसरी पत्नी अब उसके साथ नहीं रहती है, लेकिन दूसरी पत्नी से जन्मा ढाई साल का बच्चा आरोपी पिता के साथ ही रह रहा था।
यह भी पढ़ें: SIR के बहाने BLO ने प्रेमिका के पति को बुलाया, टुकड़ों में काटकर नहर में फेंका
पुलिस इस घटना को गंभीरता से ले रही है और बच्चे को बेचने की घटना की जांच मानव तस्करी के एंगल से की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारी प्रमोद कुमार मलिक ने बताया कि बेचे गए बच्चे को चिमिनीभाटी इलाके से बरामद कर लिया गया है और उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।