संजय सिंह, पटना। बिहार के दरभंगा जिला अंतर्गत बहादुरपुर थाना क्षेत्र के पंडसराय मोहल्ले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ऑर्केस्ट्रा टीम से जुड़ी कई युवतियां एक युवक के घर पहुंच गईं और अपनी लापता साथी को बरामद करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा करने लगीं। देखते ही देखते मामला सड़क पर आ गया और घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
युवतियों का आरोप है कि उनकी टीम में काम करने वाली एक नाबालिग लड़की 28 मई की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। उनका दावा है कि भच्छी गांव निवासी कृष्ण कन्हैया उर्फ राधेश्याम उसे जबरन एक होटल ले गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद युवतियां आरोपी की तलाश करते हुए पंडसराय पहुंचीं और उसके घर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: बंगाल में कल पहला कैबिनेट विस्तार, 35 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
ऑर्केस्ट्रा संचालक पर गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान युवतियों ने ऑर्केस्ट्रा से जुड़े लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि लड़कियों पर कथित रूप से गलत गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया जाता है और विरोध करने पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के सामने भी जारी रहा विरोध
मौके पर पहुंची बहादुरपुर थाना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवतियां अपनी साथी की बरामदगी की मांग पर अड़ी रहीं। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस वाहन के सामने बैठकर विरोध जताया गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर माहौल शांत कराया।
यह भी पढ़ें: 11 महीने के बेटे के जन्मदिन से पहले मां ने की खुदकुशी, SI पति की चैट बनी वजह
आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष
विवाद के केंद्र में आए कृष्ण कन्हैया उर्फ राधेश्याम ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि संबंधित युवती से उन्होंने विधिवत विवाह किया है और वे किसी भी अवैध गतिविधि से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए कहा कि वे परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं।
युवक हिरासत में, नाबालिग की तलाश जारी
बहादुरपुर थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए राधेश्याम को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र से जुड़ी एक नाबालिग के कथित अपहरण से संबंधित है। जिस घर में लड़की के होने की सूचना मिली थी, वहां छापेमारी भी की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
थानाध्यक्ष ने बताया कि संबंधित पक्ष को बहेड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी गई है। मामला दर्ज होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस नाबालिग की तलाश में जुटी है और हर पहलू से जांच की जा रही है।