केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर बड़े हादसे को जन्म दिया है। मंगलवार को वायनाड जिले के कल्लाडी इलाके में हुए लैंडस्लाइड में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में नौ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेप्पडी के WIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक, घटना के समय कुल 18 लोग मलबे की चपेट में आ गए थे। इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे हादसे की भयावह तस्वीर सामने ला दी है।
यह हादसा अनक्कमपोयिल-कल्लाडी टनल रोड परियोजना के पास हुआ। भारी बारिश के कारण पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और देखते ही देखते मिट्टी व पत्थरों का मलबा नीचे की ओर बहने लगा। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'कितने में बिक गईं? गद्दार-चोर...' बारुईपुर पहुंचीं सायोनी घोष का हुआ विरोध
VIDEO में दिखी लैंडस्लाइड की भयावह तस्वीर
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अचानक पहाड़ी धंसने के साथ ही भारी मात्रा में मलबा नीचे की ओर बहने लगता है। इसी दौरान सड़क पर खड़ा एक टैंकर भी मलबे की चपेट में आकर करीब 100 फीट तक खिसक जाता है। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं। राहत की बात यह रही कि टैंकर में मौजूद तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए। वीडियो में कई लोग छाते लेकर दूर खड़े इस भयावह मंजर को देखते दिखाई देते हैं। कुछ लोग टैंकर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
यह भी पढ़ें: 'किसी और से प्यार करती हूं', सुहागरात पर बीवी का खुलासा, पति ने मांगी सुरक्षा
चश्मदीद अजमल ने बताया कि पहले हल्की सी आवाज आई। देखते ही देखते छोटा सा लैंडस्लाइड बड़े हादसे में बदल गया। वहीं, हादसे में बाल-बाल बचे आशिक ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे अचानक मिट्टी का विशाल ढेर भरभराकर गिर पड़ा और किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
ठेकेदारों की लापरवाही पर सरकार सख्त
हादसे के बाद केरल सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि यह हादसा केवल खराब मौसम की वजह से नहीं, बल्कि ठेकेदारों की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला प्रशासन पहले ही परियोजना स्थल पर जमा मिट्टी और मलबा हटाने के निर्देश दे चुके थे लेकिन इन आदेशों का पालन नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें: लूट के बाद हरिद्वार में मना रही थी हनीमून, रील पोस्ट करने के चक्कर में पकड़ी गई
फिलहाल बचाव अभियान जारी है और प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटा है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए वायनाड और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।