मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चिकलिया फाटा के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 35 मजदूर सवार थे। जो बग्गड़ क्षेत्र में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह कई बार पलटते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी ओर पहुंच गया। जहां सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: 2 से ज्यादा बच्चों की बात छुपाई, आयोग ने भभुआ नगर परिषद को अध्यक्ष पद से हटाया
PM मोदी ने जताया दुख
PMO के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मोदी ने कहा, 'धार, मध्य प्रदेश में हुए इस हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
टायर फटने से बिगड़ा संतुलन
चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त पिकअप तेज रफ्तार में थी। अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और विपरीत दिशा में जाकर स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में घायल 13 से 15 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया। सभी मजदूर तिरला क्षेत्र के सेमलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर गांव के बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में बारिश से अस्पताल की दीवार ढही, 7 की मौत; मौके पर पहुंचे CM
CM ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर अभिषेक चौधरी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। SP मयंक अवस्थी ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण पिकअप 3-4 बार पलटी और फिर स्कॉर्पियो से टकरा गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1 लाख और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए गए हैं।