उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के अमरिया कस्बे में गोली मारकर तीन लोगों की हत्या कर दी गई। हत्या की वजह रामलीला मेले के हिसाब-किताब को बताया जा रहा है। सोमवार देर रात रामलीला कमेटी के बैठक के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद जल्द ही गोलीबारी में तब्दील हो गया। इसमें दो सगे भाई समेत 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गोली मारने वाले शख्स कौशल समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस गोलीबारी में मरने वालों में दो सगे भाई अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता हैं। इसके अलावा 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव की भी गोलीबारी में मौत हो गई। इस घटना के बाद पीलीभीत में तनाव की स्थिति बन गई है और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मेले का हिसाब-किताब बना वजह
पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला मेले की बैठक चल रही थी। बैठक के दौरान पैसों के लेनदेन और पुराने हिसाब किताब को लेकर चर्चा हो रही थी। किसी बात को लेकर कमेटी के अंदर दो पक्ष बन गए। कुछ ही देर में चर्चा कहासुनी में बदल गई और कहासुनी हिंसक विवाद में तब्दील हो गया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: नाइटक्लब में बियर गिरने पर मारपीट, बाउंसरों की पिटाई से युवक की मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष की तरफ से राइफल से गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में मौके पर ही अंकित गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव की मौत हो गई। अंकित के भाई मोहित गुप्ता गोली लगने से घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को हिरासत में ले लिया है।
'आज रात को लगभग साढ़े 9 बजे पुलिस को इसकी सूचना प्राप्त हुई। अमरिया कस्बे में एक घटना हुई जिसमें दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है और एक पक्ष की तरफ से गोली भी चलाई गई है। इसमें तीन व्यक्तियों की मौत होना प्रकाश में आया है। मृतक के नाम मोहित गुप्ता, अंकित गुप्ता, और कुणाल श्रीवास्तव है। इसमें मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता हैं जिन्हें पुलिस के द्वारा हिरासत में तत्काल ले लिया गया है। इसके अलावा और दो आरोपी हर्षित गुप्ता और संतोष गुप्ता हैं, उनको भी पुलिस हिरासत में लिया गया है।'- पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव
यह भी पढ़ें: हिरासत में लिए गए CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका, अचानक पहुंच गए थे जंतर-मंतर
लाइसेंसी राइफल, अवैध तमंचा बरामद
पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा और कुछ डंडे भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।