महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पुणे में 24 घंटे के भीतर 3 लोगों की मौत हुई है। पुणे की मौत को भी जहरीली शराब से ही जोड़कर देखा जा रहा है। पिंपरी-चिंचवड में हुई मौतों के सिलसिले में 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। तीन लोगों का एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है जिनके बारे में भी संदेह है कि उन्होंने संदिग्ध जहरीली शराब का सेवन किया था।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि उन्होंने संदिग्ध जहरीली शराब से हुई सात मौतों की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाडी इलाके में मेथेनॉल मिली शराब की सप्लाई के संबंध में एक प्रमुख तस्कर सहित कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यह भी पढ़ें: पहली पत्नी और बेटी ने कराई कांग्रेस नेता रामसिंह की हत्या? मौत की गुत्थी उलझी
जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत
पिंपरी चिंचवड के पुलिस कमिश्नर संदीप आटोले ने कहा, 'फुगेवाडी में मौत की कई घटना सामने आने के बाद हमने जांच शुरू की। संदिग्ध जहरीली शराब पीने से अब तक सात लोगों की मौत हुई है और तीन अन्य का इलाज जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इतंजार है।'
8 संदिग्ध हिरासत में, जगह-जगह रेड
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। पुणे पुलिस ने हडपसर इलाके में 24 घंटे में तीन लोगों की मौत के बाद जहरीली शराब के पहलू से जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें: हौज खास में बड़ा हादसा, AC ब्लास्ट से लगी आग, पूर्व IAS धनेंद्र कुमार की मौत
कौन है जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी?
राज्य आबकारी आयुक्त अतुल कानडे ने भाषा से बातचीत में कहा है, 'फुगेवाडी में हुई मौतों के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है। हमने योगेश वानखेडे को हिरासत में लिया है, जिसने फुगेवाडी और हडपसर दोनों जगह शराब की आपूर्ति की थी। उसे पिंपरी चिंचवड पुलिस को सौंप दिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।'
विपक्ष क्या कह रहा है?
शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र में पुणे से सटे पिंपरी-चिंचवड में अवैध शराब बनाई जा रही है, खुलेआम बेची जा रही है, लोग इसे पी रहे हैं और इसकी वजह से मौतें भी हो रही हैं। अवैध शराब बेचने वालों को कानून का कोई डर नहीं है। कुछ रुपयों के लालच में उन्होंने कानून का पूरी तरह से उल्लंघन किया है।'