उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंदिर में शादी कर रहे युवक-युवती के विवाह में उस समय अचानक हंगामा खड़ा हो गया, जब तीसरा फेरा लेते ही युवती के परिजन मंदिर पहुंच गए। परिवार ने शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि मंदिर परिसर में रखे हवन कुंड और अन्य सामान में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को शांत कराने के बाद दूल्हा-दुल्हन को मवाना थाने ले गई। जांच में सामने आया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी।
मामला मेरठ के मवाना क्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर का है। जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला तिहाई निवासी वासु शुक्रवार को ग्राम खड़ौली निवासी अंजलि के साथ मंदिर पहुंचा था। दोनों विवाह की रस्में पूरी कर रहे थे। मंदिर के पंडित महेश शर्मा के मुताबिक, युवक-युवती ने बताया था कि दोनों पहले ही अदालत में विवाह कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मंदिर में शादी की अन्य रस्में पूरी कराने का अनुरोध किया था। पंडित की मौजूदगी में विवाह की रस्में शुरू कराई गईं।
यह भी पढ़ें: पेट में लड़की बताकर खिला दी गोली, गर्भपात के बाद निकला लड़का; आशा बहू गिरफ्तार
तीसरा फेरा लेते ही पहुंच गए परिजन
बताया गया कि दोनों तीसरा फेरा ले ही रहे थे कि अचानक युवती के परिजन मंदिर पहुंच गए। उन्होंने शादी का विरोध किया और युवक-युवती से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। कुछ ही देर में बातचीत कहासुनी में बदल गई और मंदिर परिसर में हंगामा शुरू हो गया। विवाद के दौरान मंदिर में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि इसी दौरान मंदिर परिसर में रखा हवन कुंड और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
स्थिति बिगड़ती देख मंदिर के पंडित महेश शर्मा ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस युवक और युवती को अपने साथ मवाना थाने ले गई।पुलिस की जांच में इस मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई। पता चला कि युवती के लापता होने की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी।
यह भी पढ़ें: UP में सपा का साथ देगी CJP? अखिलेश यादव से बंद कमरे में मिले आशुतोष रांका
कंकरखेड़ा थाने में दर्ज हुई थी गुमशुदगी
मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की गुमशुदगी का मुकदमा 1 सितंबर को कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराया गया था। मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण मवाना पुलिस ने वहां की पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस मवाना पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ कंकरखेड़ा थाने ले गई। फिलहाल मामले की जांच कंकरखेड़ा पुलिस कर रही है। शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मंदिर में तोड़फोड़ के आरोपों की भी जांच की जा रही है।