उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक पुलिस थाने में कुछ वकील अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। थाने में 8 वकील पिछले चार दिनों से विरोध कर रहे हैं। वकील रात के समय डांस करके अपना विरोध जाहिर करते नजर आए। वकीलों का कहना है कि उनसे गाड़ी का लोन बंद कराने के नाम पर आरोपियों ने 63,400 रुपये लेकर ठगी की। इसके बाद पीड़ित वकील चाहते हैं कि पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। पीड़ित वकीलों का दावा है कि उन्होंने 1 अक्टूबर को ही आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस वजह से 8 वकील धरने पर बैठ गए।
यह मामला प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने का है, जहां 8 वकीलों ने पुलिस थाने के अंदर दरी, चादर, गद्दा और मच्छरदानी लाकर डेरा जमा लिया। ये सभी वकील दिनभर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हैं और रात के समय फिल्मी गानों पर डांस करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिवाली की रात को वकीलों ने पुलिस थाने में विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के लिए बता दें, वकील बृजेश तिवारी ने बाइक का लोन बंद कराने के लिए रुपये दिए थे। इसके बावजूद उनका लोन बंद नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखे फोड़ रहा था पहलवान, आरोपियों ने सीने में मारी गोली और ले ली जान
क्या है पूरा मामला?
वकील बृजेश तिवारी ने अपनी स्प्लेंडर बाइक का लोन बंद कराने के लिए कान्हा मोटर्स के एक कर्मचारी से बात की थी। कर्मचारी ने लोन बंद कराने के लिए 63,400 रुपये मांगे थे, जब बृजेश ने पेमेंट किया तो सर्वर में समस्या आ गई थी। इसके बाद एजेंटों ने कथित तौर पर फर्जी रसीद भी दी लेकिन हकीकत में लोन बंद नहीं हुआ। इसके बाद 1 अक्टूबर को वकील बृजेश ने पुलिस थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराई। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी।
इसके बाद बृजेश तिवारी ने अपने साथी वकीलों के साथ मिलकर 7 नवंबर को पुलिस थाने में धरना देना शुरू कर दिया। ये वकील रात को डीजे पर अलग-अलग गाने लगाकर डांस करते हैं। कभी गजल और शायरी भी सुनाते हैं। वकीलों ने 'हम पागल नहीं है भैया हमारा दिमाग खराब है' गाने पर डांस किया। वकीलों का यह विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: मिठाई दुकान का नंबर बदलकर ग्राहकों को ठगा, एडवांस पेमेंट के नाम पर ऐंठे रुपये
पुलिस ने वकीलों को समझाया
थाने के पुलिसकर्मियों ने वकीलों को समझाया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हालांकि, धरने पर बैठे वकील अपनी मांग पर अड़े हैं कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, वे धरने पर बैठे रहेंगे।