उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 14 लाख रुपये के लूट मामले में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक लूटकांड में अब तक 7 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। उधर, हिंदू संगठन सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के विरोध में उतर आए हैं। एसएसपी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और हनुमान चलीसा पढ़ा।
बजरंग दल का कहना है कि लूट की घटना फर्जी है। संगठन ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सबूत के आधार पर की गई है। बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज वालिया का कहना है कि यह पूरा एक सामान्य विवाद था। पुलिस ने इसे लूट का मामला बना दिया। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता के 14 लाख रुपये के स्रोत की जांच होनी चाहिए। आरोप लगाया कि सिद्धांत बडोनी को फर्जी केस में फंसाया गया है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार; पूजा के नाम पर लड़कियां फंसाईं
पुलिस किसी को निशाना नहीं बना रही
एसपी सिटी शेखर सुयाल का कहना है कि पुलिस किसी भी संगठन को निशाना नहीं बना रही है। पर्याप्त सबूत और चश्मदीदों की गवाही व करीब डेढ़ महीने की जांच के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक देहरादून के पटेलनगर में सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने तीन साथियों के साथ एक प्लॉट खरीदने के सिलसिले में जा रहे थे। उनके पास 14 लाख रुपये की नकदी थी। इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन पर हमला किया और रुपये से भरा बैग छीन लिया। राजेश कुमार सोनी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: कश्मीर का मामला UN क्यों ले गए थे नेहरू? 1947 के हालात और फैसले की पूरी कहानी
पुलिस ने 9 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के तौर पर हुई। एक दिन बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल को पकड़ा गया। गुप्त जानकारी के आधार पर गुप्तकाशी से सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को दबोचा गया। पुलिस का दावा है कि दीपक के पास से 42 और सिद्धांत के पास से 40 हजार रुपये की नकदी मिली है। सभी सातों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।