महाराष्ट्र के पुणे में दही हांडी उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां लोहे का अस्थायी ढांचा गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके की है। हालांकि परिवार ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला एक ही जगह पर काफी देर से खड़ी है। तभी लोहे का दरवाजानुमा ढांचा अचानक गिर जाता है। महिला भागकर खुद को बचाने का प्रयास करती है, लेकिन उसकी चपेट में आ जाती है। वहां मौजूद लोग तुरंत महिला को बाहर निकालते हैं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु की जेल में वार्डन पर हमला, 5 कैदियों ने की गला घोंटने की कोशिश
मृतका की पहचान 45 वर्षीय सलमा पठान के तौर पर हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार की रात दाही हांडी कार्यक्रम खत्म होने के बाद मजदूर लोहे का ढांचा हटा रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पिंपरी-चिंचवड़ के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कोली ने बताया कि 'विघ्नहर्ता दही हांडी मंडल' कार्यक्रम का आयोजन कर रहा था। दही हांडी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे स्टेज का आर्च स्ट्रक्चर हटा रहे थे। सलमा पठान नाम की महिला और उनके पति सलाउद्दीन पठान कार्यक्रम देखने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने पर सलाउद्दीन ने अपनी पत्नी को घर आने के लिए आवाज दी। जब वह उनकी तरफ आ रही थीं, तभी लोहे का ढांचा उन पर गिर गया।
यह भी पढ़ें: 1322 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, सुभाष चंद्रा के खिलाफ CBI ने दर्ज किया केस
उन्होंने बताया कि सलमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका बेटा रहीम पठान मंडल का एक्टिव वॉलंटियर है और यह ग्रुप मिलकर दही हांडी का त्योहार मनाता है। पति सलाउद्दीन पठान ने कहा कि वे कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते।
मुंबई में 32 गोविंदा घायल
मुंबई में दही हांडी समारोह में 32 गोविंदा को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 25 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। ठाणे में 10 गोविंदाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बीएमसी के 16 अस्पतालों के अलावा सायन में लोकमान्य तिलक महानगरपालिका सामान्य अस्पताल, परेल में केईएम अस्पताल और मुंबई सेंट्रल में नायर अस्पताल में 100 से अधिक बेड रिजर्व रखे गए थे।