पंजाब में ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (BPEO) के पदों पर पदोन्नति को लेकर प्रमोशनल चीफ हेड टीचर (CHT) ने 75 प्रतिशत कोटा अपने लिए तय करने की मांग उठाई है। इस मांग को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शिक्षा विभाग के निदेशक को पत्र लिखा है।
बैंस ने पत्र में 24 जनवरी, 1977 के आदेश के आधार पर पूरे पंजाब में 60:40 का अनुपात तुरंत लागू करने की सिफारिश की है। उन्होंने निदेशक को इस मांग पर तुरंत कार्रवाई करने और प्रस्तावित व्यवस्था के हिसाब से BPEO पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
यह भी पढ़ें: दूध-सब्जियों की देशभर में सप्लाई के लिए पंजाब ने रेलवे से मांगे रेफ्रिजरेटेड कोच
30 से 32 साल सेवा देने वाले शिक्षकों से अन्याय का तर्क
मंत्री को सौंपे गए मांगपत्र में प्रमोशनल CHT ने बताया कि वे 1993 से 1998 के बीच ETT शिक्षक के रूप में भर्ती हुए थे। लंबे सेवाकाल के बाद वे सितंबर 2020 में CHT पद पर पदोन्नत हुए। उनका कहना है कि अभी BPEO पदों की पदोन्नति में सिर्फ 25 प्रतिशत सीधी भर्ती वाले CHT को मौका मिल रहा है। इससे 30 से 32 साल तक सेवा देने वाले शिक्षकों के साथ अन्याय हो रहा है।
प्रमोशनल CHT ने मांग की है कि BPEO पदों के 90 प्रतिशत प्रमोशन कोटे में 25 प्रतिशत सीधी भर्ती वाले CHT और 75 प्रतिशत प्रमोशनल CHT के बीच अनुपात तय किया जाए। उनका कहना है कि इससे लंबे समय तक विभाग में सेवा देने वाले शिक्षकों को भी पदोन्नति का उचित मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्यों जाना चाहते हैं CM भगवंत मान? विदेश मंत्रालय से मांगी इजाजत
क्या चाहते हैं प्रमोशनल CHT?
मांगपत्र में यह भी कहा गया है कि शिक्षा विभाग की सूची में दोनों श्रेणियों के CHT को शामिल किया जाए। इसी अनुपात के आधार पर BPEO पदों की प्रमोशन सूची बनाने के निर्देश देने की भी मांग की गई है। शिक्षकों का कहना है कि प्रस्तावित व्यवस्था से किसी भी श्रेणी के शिक्षकों का अधिकार नहीं छिनेगा। उनके मुताबिक इससे दोनों के हितों की रक्षा होगी और विवाद की स्थिति भी नहीं बनेगी।