logo

मूड

ट्रेंडिंग:

आए दिन पंजाब में हो रहे ब्लास्ट, TMC की तरह कानून व्यवस्था पर बुरा फंसेगी AAP?

पंजाब में चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर घिरती हुई नजर आ रही है। बीती रात हुए दो ब्लास्ट के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर है।

AI Image

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit: AI

शेयर करें

google_follow_us

पंजाब में बीते 24 घंटों में हुए दो धमाकों ने पूरे राज्य को दहला कर रख दिया है। पंजाब के जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के पास पार्क की गई एक एक्टिवा में धमाका हुआ था। इसके कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर जिले में आर्मी कैंप के पास धमाका हुआ। इन दो बड़े धमाकों से पूरा पंजाब ही नहीं बल्कि पूरा देश दहल गया है। पाकिस्तान की सीमा से लगते राज्य में इस तरह के धमाकों से सब लोग चिंता में हैं। इन मामलों की जांच शुरू हो गई है और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर खराब कानून व्यवस्था के लिए एक बार फिर से सवाल उठने लगे हैं। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जालंधर में हुए धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है। हालांकि, चिट्ठी में दावा किया गया है कि बीएसएप के जवानों की भी मौत हुई है। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन और सुरक्षा बल जांच में जुट गया है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की दो अलग-अलग टीमें दोनों जगहों पर घटना के बारे में और जानकारी इकट्ठा करने और जांच में पंजाब पुलिस की मदद करने के लिए पंजाब पहुंच चुकी हैं। चुनाव से पहले हुए इस ब्लास्ट से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पंजाब सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल के चुनाव में बीजेपी ने खराब कानून व्यवस्था को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। 

 

यह भी पढ़ें: 'पंजाब जीते तो महीने भर फ्री करूंगा', बंगाल में BJP जीती तो फ्री में काटे बाल

 

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार खराब कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लंबे समय से विपक्ष के निशाने पर है। एक रात में हुए इन दो बड़े धमाकों से पंजाब सरकार एक बार फिर से बैकफुट पर आ गई है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेवाल ने कहा, 'पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति वास्तव में बहुत खराब है और इस तरह के बम धमाके यह दिखा रहे हैं कि पंजाब में सब कुछ ठीक नहीं है। पंजाब के मुख्यमंत्री का दायित्व है कि वह इस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करें ताकि जान-माल की कोई हानि न हो।'

कांग्रेस ने बोला सरकार पर हमला

बीती रात हुए ब्लास्ट को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता राजकुमार वेरका ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार पर हमला बोला और दोनों को असफल बताया। उन्होंने कहा, 'बंगाल की तर्ज पर यह इलेक्शन लुटने की साजिश है केंद्र सरकार की और यह बहुत खतरनाक मुद्दा है। इस पर जांच होनी चाहिए और जो कोई भी इसमें शामिल हो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस तरह से गैंगवॉर हो रही है और जो ब्लास्ट हो रहे हैं वह आम बात नहीं है। पंजाब में चुनाव हैं इसलिए हो रहे हैं ब्लास्ट। 

 

राजकुमार वेरका ने कहा, 'यह केंद्र सरकार की असफलता है। मैं कहना चाहता हूं कि देश के साथ ऐसा खेल ना खेलो। यह चुनावी खेल है और यह आपको मंहगा पड़ेगा।' कांग्रेस नेता ने साफ तौर पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए इसे एक साजिश बताया है। 

 

इससे पहले भी पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल ने इसी तरह की साजिश का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि जब वह मुख्यमंत्री थी तो कुछ अधिकारियों ने सुझाव दिया था कि चुनाव से पहले बाजार और ट्रेनों में धमाके कर दहशत फैलाकर और लोगों को डराकर वोट हासिल किए जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उन्होंने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। 

बंगाल में कानून-व्यवस्था बना था मुद्दा

बता दें कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। इस जीत में एक अहम रोल खराब कानून व्यवस्था ने निभाया है। इसी मुद्दे को बीजेपी ने बंगाल में उठाया था और ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ यह एक बड़ा हथियार बन गया था। ममता बनर्जी की सरकार इस मुद्दे पर घिर गई थी। 

 

यह भी पढ़ें: पंजाब: जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर एक्टिवा में विस्फोट, बाल-बाल बचा युवक

चुनाव से पहले AAP के सामने चुनौती

पंजाब चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय बचा है। अगले साल की शुरुआत में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में खराब कानून व्यवस्था का मुद्दा पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इससे पहले भी पंजाब में दिन दहाड़ें हत्याओं की खबरें सामने आई थी। गैंगस्टर वॉर की खबरें भी सामने आई हैं। ऐसे में पंजाब चुनाव से ठीक पहले इस तरह के धमाके सरकार के लिए आफत बन सकते हैं। 


और पढ़ें