logo

ट्रेंडिंग:

गिरफ्तारी के 5 दिन बाद DIG भुल्लर निलंबित, मान बोले- भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं

रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर पर पंजाब सरकार ने गाज गिरा दी है। गिरफ्तारी के पांच दिन बाद भगवंत मान सरकार ने एक्शन लिया है। हालांकि निलंबन आदेश 16 अक्टूबर से लागू होगा।

DIG Harcharan Singh Bhullar.

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

आठ लाख रुपये की रिश्वत मामले में गिरफ्तार रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को पांच दिन बाद पंजाब सरकार ने निलंबित कर दिया है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मंगलवार (21 अक्टूबर) की शाम एक्स पर यह जानकारी सार्वजनिक की। भगवंत मान ने लिखा, 'रिश्वतखोरी मामले में मैंने रोपड़ के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को पुलिस विभाग से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में नामजद व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पद पर हो, उसका बिल्कुल भी समर्थन नहीं किया जाएगा। हर तरह की रिश्वतखोरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी।'

 

हरचरण सिंह भुल्लर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 16 अक्टूबर को पंजाब के मोहाली स्थित उनके दफ्तर से गिरफ्तार किया था। यह एक्शन मंडी गोबिंदगढ़ के एक कबाड़ व्यापारी की शिकायत पर लिया गया था। व्यापारी ने सीबीआई को बताया कि केस रफा-दफा करने के बदले डीआईजी ने एक बिचौलिये के माध्यम से आठ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

 

यह भी पढ़ें:  'गृहमंत्री बुलाकर बैठा लेंगे तो...', अपने कैंडिडेट्स के मैदान छोड़ने पर बोले PK

16 अक्टूबर से माना जाएगा निलंबित

सीएम भगवंत मान ने कहा कि डीआईजी को 16 अक्टूबर से निलंबित माना जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भ्रष्ट आचरण जनता के विश्वास को कम करता है। संस्थाओं को कमजोर बनाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रगति में बाधा डालता है। हमारी सरकार ने इस बुराई को मिटाने पर सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सीएम मान ने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में किसी भी तरह की संलिप्तता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न ही ऐसे लोगों के खिलाफ कोई नरमी बरती जाएगी।

राज्यपाल ने आप सरकार को घेरा

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आप सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था होने के बावजूद सरकार भ्रष्टाचार का पता लगाने में असमर्थ रही। 

 

डीआईजी भुल्लर के खिलाफ सीबीआई के एक्शन पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा, 'किसी ने कोशिश की तो इतना अहम मामला सामने आया। इसने हमें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि यह सब हमारी नाक के नीचे हो रहा है। इसका मतलब है कि हम भी दोषी हैं। मगर जब हमारे पास इतना बड़ा प्रशासनिक ढांचा है तो इस भ्रष्टाचार का पता लगाने में असमर्थता एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को दर्शाती है।

 

यह भी पढ़ें: दीपावली की चिट्ठी में 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र, PM मोदी ने क्या लिखा?

घर में मिली थी अकूत दौलत!

भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने उनके आवास और दफ्तर पर दबिश दी। यहां से 7.5 करोड़ की नकदी, ढाई किलो सोना, संपत्ति के कागजात, 22 महंगी गाड़ियां और भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली। हरचरण सिंह भुल्लर को शुक्रवार को सीबाआई की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि पिछले साल नवंबर में पंजाब सरकार ने उन्हें रोपड़ रेंज के डीआईजी के पद पर तैनात किया था। इस रेंज में मोहाली, रोपड़ और फतेहगढ़ साहिब जिले पड़ते हैं।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap