पंजाब के तरनतारन जिले में आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि तरनतारन में एनकाउंटर में कथित गैंगस्टर हरनूर सिंह मारा गया है। हरनूर सिंह गैंगस्टर अफरीदी और प्रभ दस्सुवाल के साथ काम करता था।
पुलिस ने बताया कि हरनूर सिंह तरनतारन जिले के वलथोआ गांव के सरपंच झारमल सिंह की हत्या में शामिल था। झारमल सिंह आम आदमी पार्टी के नेता भी थे और हाल ही में जब वह अमृतसर में एक शादी समारोह में पहुंचे थे, तभी गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
झारमल सिंह की हत्या के बाद पंजाब की भगवंत मान सरकार पर विपक्ष सवाल उठा रहा था। बीजेपी और अकाली दल ने सीएम भगवंत मान के इस्तीफे की मांग भी की थी।
यह भी पढ़ें-- किसी ने कहा- जीभ काट दो, कोई बोला- 10 लाख का इनाम; बिहार में क्यों मचा हंगामा?
जवाबी कार्वाई में मारा गया हरनूर सिंह
पुलिस ने बताया कि आरोपी हरनूर सिंह बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल से जा रहा था। तभी उसका पीछा किया गया और उसे घेर लिया। उसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
डीआई स्नेह दीप शर्मा ने बताया कि यह ऑपरेशन तरनतारन पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मिलकर चलाया था।
उन्होंने बताया, 'जब आरोपी ने देखा कि वह पुलिस से घिरा हुआ तो उसने गोली चला दी। एक गोली एक पुलिसकर्मी को लगी लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी।'
डीआईजी शर्मा ने बताया कि आरोपी को गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मौके से एक पिस्तौर बरामद की गई।
यह भी पढ़ें-- दिल्ली: फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास सुबह-सुबह क्यों चला बुलडोजर?

हरनूर सिंह का रोल क्या था?
वलथोआ गांव के सरपंच झारमल सिंह की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर दस्सुवाल और डोनी बल ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट में ली थी।
पुलिस ने बताया कि सरपंच झारमल सिंह पहले तीन बार जानलेवा हमलों में बच गए थे, जिससे पता चलता है कि लंबे समय से उनकी जान को खतरा था।
पुलिस के मुताबिक, सरपंच की हत्या की प्लानिंग में हरनूर सिंह शामिल था। पुलिस ने बताया कि हत्या को अंजाम देने वाले शूटर उसके प्लान के मुताबित काम कर रहे थे।
सिर पर मार दी थी गोली
अमृतसर में शादी समारोह में झारमल सिंह पहुंचे थे। जब डिनर चल रहा था, तभी दो बदमाश आए और एक ने उनके सिर पर गोली मार दी थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें दिख रहा था कि गोली मारने के बाद दोनों बदमाश वहां से भाग गए थे।
यह भी पढ़ें-- बिहार में चोरों के निशाने पर मंदिर, कहीं धार्मिक भावना भड़काने की साजिश तो नहीं?
आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
सरपंच की सरेआम हत्या के बाद आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठ रहे थे। बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब में कानून व्यवस्था न होने का आरोप लगाया था।
अब जब एक आरोपी का एनकाउंटर हो गया है तो आम आदमी पार्टी ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से सुरक्षित है।
पार्टी के नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और सक्षम हाथों में है और पंजाब पुलिस सराहनीय ढंग से अपना कर्तव्य निभा रही है।
पन्नू ने जोर देकर कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी ताकतवर क्यों न हो, अगर वह कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा तो उसे कड़ी पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान की सरकार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।