राजस्थान विधासभा में बजट पर चल रही बहस के दौरान भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने एक विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने भजनलाल सरकार के बजट और अशोक गहलोत सरकार के बजट की तुलना करते हुए लिंगभेदी टिप्पणी की और हैरानी की बात है कि इस टिप्पणी पर सदन में हंसी भी सुनाई दी लेकिन बाद में उनकी टिप्पणी पर विवाद हो गया। बीजेपी विधायक बहादुर सिंह ने कहा था कि भजनलाल सरकार में लड़का पैदा हुआ है और अशोक गहलोत सरकार के बजट में लड़की पैदा होती थी।
विधानसभा में बजट पर चर्चा करते हुए बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी नेता अपने दुख से परेशान नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के सुख से परेशान हैं। इसके बाद उन्होंने बीजेपी सरकार के तीन बजटों की तुलना जवानी से की और पूर्व कांग्रेस सरकार यानी अशोक गहलोत की सरकार के अंतिम बजट को बुढ़ापे का बजट बताया।
यह भी पढ़ें: 46 हजार से ज्यादा पद खाली, फिर शिक्षकों की भर्ती क्यों नहीं करेगी UP सरकार?
MLA ने की लिंगभेदी टिप्पणी
बीजेपी विधायक ने बजट की तुलना करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल के अंतिम बजट में लड़की हुई और यही कारण है कि कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार ने पहले बजट में छोरा पैदा किया। दूसरे बजट और तीसरे में भी छोरा पैदा किया। जो जवानी में छोरा पैदा करता है वो हमेशा काम में आता है। जो अशोक गहलोत सरकार थी उन्होंने लास्ट बजट में जो घोषणाएं कि उसमें छोरी पैदा हुई। यही कारण है कि वह आज विपक्ष में बैठे हैं। '
इस लिंगभेदी टिप्पणी पर सदन में मौजूद विधायक उनको टोकने के बजाय उनके बयान पर हंसते हुए दिखाई दिए। स्पीकर ने भी उस समय उनकी टिप्पणी पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं की। हालांकि, कुछ कांग्रेसी विधायकों ने उनकी टिप्पणी पर विरोध जताया लेकिन उनके विरोध को गंभीरता से नहीं लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
विधानसभा में दिए विधायक बहादुर सिंह के इस बयान की एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो सामने आते ही अलग-अलग सामाजिक संगठनों ने उनकी इस टिप्पणी का विरोध किया। कई लोगों ने उनकी टिप्पणी को लैंगिग भेदभाव को बढ़ावा देने वाला करार दिया। पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता श्रीवास्तव ने बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह संवैधानिक संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।
यह भी पढ़ें: SIR का असर, गुजरात में 77 लाख वोटर्स के नाम लिस्ट से कट गए
कांग्रेस ने किया विरोध
सदन के बाहर कांग्रेस भी इस टिप्पणी का विरोध किया। इंडियन यूथ कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, 'भजनलाल की बीजेपी सरकार ने छोरा पैदा किया, पिछली कांग्रेस सरकार छोरी छोड़ गई और छोरा ही काम आता है।इस घटिया सोच का प्रदर्शन राजस्थान विधानसभा में BJP विधायक बहादुर सिंह कोली ने CM भजन लाल शर्मा की तारीफ़ करते हुए किया।'
यूथ कांग्रेस ने अपने ट्वीट में लिखा, 'यह मजाक नहीं, बेटियों को कमतर मानने वाली RSS-BJP मानसिकता का बयान है। 21वीं सदी में भी बेटियों से इतनी तकलीफ?'